Full Schedule of IPL 2025 Matches at M Chinnaswamy Stadium Bengaluru: एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम कर्नाटक राज्य के बेंगलुरु में स्थित है और यह आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का घरेलू मैदान भी है। यह मैदान अपनी छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है, जहाँ अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस के लिए यह स्टेडियम एक गढ़ है, क्योंकि यहाँ घरेलू टीम और दिग्गज विराट कोहली को जबरदस्त समर्थन मिलता है। इस मैदान पर खेले जाने वाले IPL मैचों में चौकों-छक्कों की बारिश होना आम बात है, जिससे यहां का माहौल रोमांचक बना रहता है।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बेंगलुरु का इतिहास
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की स्थापना 1969 में हुई थी और यह कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) द्वारा संचालित किया जाता है। इस स्टेडियम का नाम BCCI के पूर्व अध्यक्ष एम. चिन्नास्वामी के नाम पर रखा गया है। इस स्टेडियम का नाम उनकी इच्छा के विरुद्ध उनके नाम पर रखा गया, क्योंकि इस स्टेडियम के निर्माण के लिए कर्नाटक सरकार पर दबाव डालने का काम उन्हीं ने किया था।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 में एमए चिदंबरम स्टेडियम चेन्नई में खेले जाने वाले सभी मैचों का पूरा शेड्यूल
यह मैदान भारतीय क्रिकेट इतिहास के कई ऐतिहासिक पलों का गवाह रहा है। पूर्व भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर ने अपना आखिरी टेस्ट यहीं खेला था। इस मैदान पर 1987, 2011 और 2023 के कुछ वर्ल्ड कप मुकाबले भी खेले जा चुके हैं।
एम चिन्नास्वामी ने सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर 287/3 भी बनाया था। आईपीएल 2013 में इसी मैदान पर गेल ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175 रनों की ऐतिहासिक पारी भी खेली थी, जिसमें आरसीबी ने 263/5 का उस समय का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था, जिसे 2024 में SRH ने पछाड़ा। अब यह स्कोर आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े टोटल की सूची में पांचवें स्थान पर आ चुका है।
इस मैदान की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, लेकिन यहां की उछाल और स्विंग गेंदबाजों के लिए भी फायदेमंद हो सकती है। RCB की घरेलू सफलता में इस मैदान का अहम योगदान रहा है और टीम ने यहां अपने फैंस को जश्न मनाने के कई मौके दिए हैं।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रिकॉर्ड
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम हमेशा से एक मजबूत गढ़ रहा है। RCB ने इस मैदान पर अब तक कुल 91 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 43 में जीत हासिल की है। इसके अलावा, एक मुकाबला टाई रहा है, जबकि चार मुकाबले नो रिजल्ट रहे हैं।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 में सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर में खेले जाने वाले सभी मैचों का पूरा शेड्यूल
इस मैदान पर RCB का सबसे बड़ा टोटल 263 रन है, जो कि IPL इतिहास का अब तक का चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी है। वहीं, इस मैदान पर टीम का न्यूनतम स्कोर 82 रन रहा है। घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली टीमों की सूची में यह स्टेडियम चौथे स्थान पर है।
IPL 2025 में बेंगलुरु में खेले जाने वाले मुकाबले
IPL 2025 में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम कुल 7 मुकाबले खेले जाएंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने सभी घरेलू मैच इसी मैदान पर खेलेगी। इस सीजन बेंगलुरु में पहला मुकाबला 02 अप्रैल को RCB और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा, जबकि अंतिम मैच 17 मई को बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगा।
अब, यहाँ पर हम आपको IPL 2025 में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बेंगलुरु में खेले जाने वाले सभी मैचों का पूरा शेड्यूल बताने जा रहे हैं।
IPL 2025 में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बेंगलुरु में खेले जाने वाले सभी मैचों का पूरा शेड्यूल
- 2 अप्रैल, 2025 (बुधवार), शाम 7:30 बजे – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस
- 10 अप्रैल, 2025 (गुरुवार), शाम 7:30 बजे – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स
- 18 अप्रैल, 2025 (शुक्रवार), शाम 7:30 बजे – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम पंजाब किंग्स
- 24 अप्रैल, 2025 (गुरुवार), शाम 7:30 बजे – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम राजस्थान रॉयल्स
- 3 मई, 2025 (शनिवार), शाम 7:30 बजे – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
- 13 मई, 2025 (मंगलवार), शाम 7:30 बजे – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
- 17 मई, 2025 (शनिवार), शाम 7:30 बजे – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।
1 Comment
Pingback: IPL 2025 में Eden Gardens Kolkata में खेले जाने वाले सभी मैचों का पूरा शेड्यूल