यशस्वी जयसवाल और वैभव ने रखी जीत की नीव
आईपीएल 2026 का तीसरा मुकाबला 30 मार्च, सोमवार को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया, जिसमें राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच बार की चैंपियन टीम को 8 विकेट से एकतरफा अंदाज़ में हरा दिया।
चेन्नई को पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 127 रन पर ही रोक दिया। इसके बाद इस लक्ष्य को राजस्थान ने आसानी से 8 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। टीम की जीत में सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने 17 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन किया और 12.1 ओवर में ही मैच जीत लिया। वहीं यशस्वी जायसवाल 38 और रियान पराग 14 रन बनाकर नाबाद रहे।
आईपीएल 2026: RR vs CSK मैच का हाल
चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी राजस्थान की कसी हुई गेंदबाजी के सामने पूरी तरह बिखर गई और टीम 19.4 ओवर में सिर्फ 127 रन पर सिमट गई। संजू सैमसन (6), रुतुराज गायकवाड़ (6), आयुष मातरे (0) और मैथ्यू शॉर्ट (2) सस्ते में आउट होकर निराश कर गए।
सरफराज खान (17) और कार्तिक शर्मा (18) ने अच्छी शुरुआत जरूर दी, लेकिन वे अपनी पारी को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। अंत में जेमी ओवरटन ने 43 रन बनाकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स की ओर से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली, जहां लगभग हर गेंदबाज ने विकेट लिया। जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि ब्रजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई को 1-1 सफलता मिली।

