कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हराकर सीजन का पहला मैच जीत लिया है।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। यशस्वी और वैभव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए काफी अच्छी शुरुआत दी थी। दोनों ने मिलकर 8.2 ओवरों में ही 81 रन जोड़ दिए थे। हालांकि उसके बाद नरेन और चक्रवर्ती ने आरआर के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के जादू में फंसा लिया और वो सिर्फ जैसे तैसे करके 155 रन बनाने में सफल हुई।
बेहद खराब रही केकेआर की शुरुआत
156 रनों का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों ओपनर खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। रहाणे लगातार दूसरे मुकाबले में शून्य पर आउट हुए जबकि टिम साइफर्ट भी इस मुकाबले में खाता नहीं खोल सकें और दोनों पारियां उनकी काफी खराब रही।
पिच बल्लेबाजी के लिए काफी मुश्किल थी और आरआर के गेंदबाज सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी कर रहे थे जिसके चलते केकेआर के बल्लेबाज फ्रीली नहीं खेल पा रहे थे। पिछले मैच में फॉर्म में वापसी करने वाले कैमरन ग्रीन ने इस मैच में भी आते ही काउंटरअटैक शुरू कर दिया।
संघर्ष करते रहे रघुवंशी
वो लगातार तेजी से रन बनाकर मैच को राजस्थान के हाथों से बाहर लेकर जा रहे थे लेकिन दूसरी छोर पर अंगकृष रघुवंशी लगातार डॉट गेंद खेल रहे थे जिससे प्रेशर बढ़ रहा था।
ग्रीन रनों का जोखिम उठाने के चक्कर में बड़ा शॉट खेलने का प्रयास कर रहे थे और उसी में उन्होंने रवि बिश्नोई की गेंद पर स्टेप आउट करके मारने का प्रयास किया लेकिन वो बॉल को कनेक्ट नहीं कर पाए और ध्रुव जुरैल ने काफी अच्छी स्टंपिंग की। कैमरन 13 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान के गेंदबाजों ने कराई मैच में वापसी
ग्रीन के आउट होने के बाद रघुवंशी भी चलते बने। उन्होंने 19 गेंदों में 10 रन बनाए। रावमैन पॉवेल ने संभलकर बल्लेबाजी शुरू की और स्कोर बोर्ड को आगे बढ़ाया। वो और रिंकू अच्छी बैटिंग कर रहे थे लेकिन अहम मौके पर उन्होंने गलती कर दी और 20 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हो गए। रमनदीप भी इस मैच में लय में नहीं दिखे और 13 गेंदों में 10 रन बना पाए।
रिंकू और अनुकूल ने कराया असंभव सा चेस
इन दोनों के जल्दी आउट होने के बाद अब केकेआर का स्कोर 13.3 ओवरों में 85 रन पर 6 विकेट था और अभी भी जीत के लिए अंतिम 39 गेंदों में 71 रन चाहिए थे।
अब जीत केकेआर के लिए काफी मुश्किल लग रही थी। क्योंकि अनुकूल रॉय और रिंकू सिंह ही आखिरी उम्मीद थे और लगातार रन रेट बढ़ रहा था। रिंकू भी शुरुआत में काफी धीमे खेल रहे थे लेकिन उसके बाद अनुकूल ने मारना शुरू किया और देखते ही देखते दोनों तरफ से तेजी से रन बनने लगे। जैसे जैसे रिंकू ने गेंदें खेली उनका कॉन्फिडेंस अलग ही दिख रहा था और वो बड़े शॉट भी आसानी से लगा रहे थे।
केकेआर ने दर्ज की सीजन की पहली जीत
अंतिम 2 ओवरों में जीत के लिए 21 रन चाहिए थे और अभी भी दोनों सेट बल्लेबाज खेल रहे थे। जोफरा के 19वें ओवर में रिंकू और अनुकूल ने मिलकर 12 रन जड़ दिए और आखिरी ओवर में बृजेश के पहले दो गेंदों पर रिंकू ने चौका और उसके बाद छक्का लगाकर मैच फिनिश कर दिया। केकेआर ने 4 विकेटों से यह मैच अपने नाम कर लिया। इस सीजन यह केकेआर की पहली जीत है और राजस्थान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

