आईपीएल के पूर्व कमिश्नर और फाउंडर ललित मोदी ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी और उनके खिलाफ हमलों की साजिश रची थी। मोदी का कहना है कि ये घटनाएँ उस समय की हैं जब वह भारत छोड़कर लंदन में रहने लगे थे।
ललित मोदी के अनुसार, 2012 में हुई थी घटना
ललित मोदी के अनुसार, यह घटना 2012 में लंदन में हुई थी। मीडिया को दिए पॉडकास्ट ने उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया, जिसे उन्होंने “फिक्सर” कहा। देर रात हुई मुलाकात के दौरान उस व्यक्ति ने उन्हें एक मध्यस्थ, जिसे “बाबा” बोला, के अपार्टमेंट में आने के लिए कहा।
मोदी का दावा है कि वहाँ पहुँचने के बाद उस बिचौलिए ने सैटेलाइट फोन से एक नंबर मिलाया और दूसरी ओर दाऊद इब्राहिम था। फोन स्पीकर पर था और कथित तौर पर कहा गया, “अब से तुम्हारा सब काम खत्म।” इसके बाद कॉल कट गई।
आईपीएल को नियंत्रण में लेने की कोशिश का आरोप
मोदी ने कहा कि इस घटना के बाद वही मध्यस्थ लगातार उनसे संपर्क करता रहा और पैसों की मांग करता था। उसका दावा था कि अंडरवर्ल्ड आईपीएल पर अपना प्रभाव जमाना चाहता था।
मोदी के मुताबिक, दाऊद इब्राहिम के गिरोह का मानना था कि आईपीएल से जुड़े कुछ प्रशासनिक फैसलों के कारण सट्टेबाजी नेटवर्क को भारी आर्थिक नुकसान हुआ था और वे इसकी भरपाई उनसे करवाना चाहते थे।
क्रिकेट प्रशासन से दूरी बनाने की वजह
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अंडरवर्ल्ड के दबाव के कारण क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेशन से दूरी बनाई, तो मोदी ने कहा कि यह उन प्रमुख कारणों में से एक था जिसकी वजह से वह क्रिकेट से दूर हो गए।
दक्षिण अफ्रीका में IPL कराने से बढ़ा विवाद
मोदी ने बताया कि 2009 के लोकसभा चुनावों के दौरान आईपीएल को भारत से शिफ्ट कराकर दक्षिण अफ्रीका में आयोजित कराने का फैसला सट्टेबाजी बाजार के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। उनके अनुसार, अधिकांश लोगों ने यह अनुमान नहीं लगाया था कि टूर्नामेंट दूसरे देश में चला जाएगा, इसलिए भारी रकम दांव पर लगी हुई थी।
आईपीएल के अचानक दक्षिण अफ्रीका शिफ्ट होने से कई सट्टेबाजों को बहुत नुकसान हुआ और उसी नुकसान की भरपाई डी कंपनी उनसे करना चाहती थी।
हमलों और बेटे के अपहरण का दावा
ललित मोदी ने आरोप लगाया कि उन्होंने माफिया की ओर से दिए गए करोड़ों रुपये के ऑफर को ठुकरा दिया था। इसके बाद उनके खिलाफ तीन जानलेवा हमले कराए गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके बेटे का अपहरण किया गया और इसके पीछे “बाबा अवीन” नामक व्यक्ति का हाथ था।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

