आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 200 विकेट भी पूरे कर लिए।
ऋतुराज गायकवाड़ उनका टी-20 करियर का 200वां शिकार बने। खास बात यह रही कि कमिंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने टी-20 करियर का बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन भी दर्ज किया है। इसी कड़ी में हम आपको उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पैट कमिंस का आईपीएल करियर
पैट कमिंस ने अपना पहला इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबला साल 2014 में खेला था। अब तक वह 78 मैचों की 78 पारियों में 29.37 की औसत से 87 विकेट हासिल कर चुके हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी दर 8.73 की रही है।
कमिंस इंडियन प्रीमियर लीग में एक बार 4 विकेट हॉल भी ले चुके हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/34 का रहा है। वहीं, मौजूदा सत्र में उन्होंने अब तक 6 पारियों में 23.62 की औसत से 8 विकेट अपने नाम किए हैं।
इस मैच में कमिंस का प्रदर्शन
पैट कमिंस ने अपने पहले ओवर में संजू सैमसन (27) को आउट कर मुकाबले में पहला विकेट हासिल किया। इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे ओवर में अच्छी लय में दिख रहे कार्तिक शर्मा (31) को पवेलियन भेजा।
अपने तीसरे ओवर में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट लेकर चेन्नई को बड़ा झटका दिया। कमिंस ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 7.00 की इकॉनमी से 28 रन खर्च करते हुए 3 विकेट झटके।
पैट कमिंस का टी-20 करियर
पैट कमिंस ने साल 2011 में अपने टी-20 करियर की शुरुआत की थी। अब तक वह 177 मैचों की 177 पारियों में करीब 27 की औसत से 200 विकेट झटक चुके हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/16 विकेट का रहा है, जबकि वह 3 बार 4 विकेट हॉल लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से उन्होंने 57 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 23.57 की औसत से 66 विकेट अपने नाम किए हैं।
बतौर कप्तान आईपीएल दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी बने पैट कमिंस
पैट कमिंस इंडियन प्रीमियर लीग में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद को इस सीजन में कई मुकाबलों में शानदार शुरुआत मिली है साथ ही कमिंस ने गेंदबाजी के साथ नेतृत्व में भी प्रभावित किया है।

