Sanju Samson IPL Trade Rumours of IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की तैयारियों के बीच संजू सैमसन का संभावित ट्रेड सबसे बड़ा चर्चित विषय बन गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान रॉयल्स (RR) और उनके कप्तान सैमसन के बीच मतभेद गहराते जा रहे हैं। अब खबरें यह हैं कि सैमसन ने टीम से रिलीज या ट्रेड किए जाने की औपचारिक मांग कर दी है।
Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स के मालिक मनोज बडाले ने खुद कई फ्रेंचाइजियों को पत्र लिखकर पूछा है कि क्या वे सैमसन को अपनी टीम में शामिल करना चाहेंगे। इससे यह संकेत मिलता है कि RR मैनेजमेंट अब सक्रिय रूप से ट्रेड की संभावनाओं पर काम कर रहा है।
क्या राजस्थान रॉयल्स छोड़कर CSK में जाने वाले हैं संजू सैमसन?
पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा सबसे ज्यादा है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) सैमसन को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। हालांकि, अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक यह डील फिलहाल मुश्किल लग रही है।
राजस्थान रॉयल्स ने कथित तौर पर रविंद्र जडेजा या ऋतुराज गायकवाड़ में से किसी एक खिलाड़ी की मांग की है, जो CSK के लिए किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
इसके अलावा, शिवम दूबे का नाम भी इस ट्रेड से जुड़ा है, लेकिन चेन्नई टीम मैनेजमेंट अपने इस ऑलराउंडर को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि सैमसन का चेन्नई जाना अभी दूर की बात है, जब तक कि कोई बड़ी बातचीत नहीं होती या फिर ऐसा भी हो सकता है कि वह ऑक्शन में भी उपलब्ध न हों।
कई अन्य टीमें भी सैमसन में दिखा रहीं हैं दिलचस्पी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स ने सिर्फ CSK से ही नहीं, बल्कि कई अन्य फ्रेंचाइजियों से भी बातचीत की है। इस वजह से यह लगभग तय माना जा रहा है कि संजू सैमसन का किसी और टीम में जाना अब सिर्फ समय की बात हो सकती है।
हालांकि, यह भी सच है कि किसी खिलाड़ी का रिलीज या ट्रेड होना पूरी तरह फ्रेंचाइजी की इच्छा पर निर्भर करता है। खिलाड़ी सिर्फ अनुरोध कर सकता है, टीम मैनेजमेंट ही अंतिम रूप से फैसला लेता है।
RR और सैमसन के बीच मतभेद की वजहें
संजू सैमसन पिछले कई सीजन से राजस्थान रॉयल्स के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं, लेकिन हाल के महीनों में टीम मैनेजमेंट से उनके रिश्तों में खटास आने की खबरें हैं। बताया जा रहा है कि जोस बटलर को रिलीज करने का फैसला सैमसन को काफी अखरा।
सैमसन ने खुद पिछले सीजन से पहले Star Sports को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि, “जोस को छोड़ना मेरे लिए सबसे कठिन फैसलों में से एक था। इंग्लैंड सीरीज के दौरान भी मैं इस बात से उबर नहीं पाया था।”
RR ने बटलर को छोड़कर शिमरोन हेटमायर को रिटेन किया, जो सैमसन के लिए भी कथित रूप से चौंकाने वाला फैसला था।
सैमसन की चुप्पी और भविष्य की संभावना
हालाँकि, सैमसन ने इन विवादों पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। इसके विपरीत, उन्होंने हाल ही में रविचंद्रन अश्विन के पॉडकास्ट में राजस्थान रॉयल्स के सेटअप की तारीफ की और वैभव सूर्यवंशी की सराहना की, जिन्होंने पिछले सीजन में ओपनिंग में शानदार प्रदर्शन कर उन्हें में बैटिंग ऑर्डर में नीचे धकेला था।
फिर भी, उनके ट्रेड की संभावना को नकारा नहीं जा सकता। अगर किसी फ्रेंचाइजी के साथ डील नहीं होती है, तो सैमसन RR के साथ बने रह सकते हैं, लेकिन कई रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके आसार फिलहाल कम दिख रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स और सैमसन के बीच की स्थिति फिलहाल ‘वेट एंड वॉच’ मोड में है। मनोज बडाले की अगुवाई में बातचीत जारी है और कई फ्रेंचाइजियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अगर किसी टीम ने RR को उनकी पसंद का खिलाड़ी ऑफर कर दिया, तो IPL 2026 से पहले सैमसन का ट्रांसफर संभव है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

