चेन्नई सुपर किंग्स की नाथन एलिस के रिप्लेसमेंट की तलाश अब खत्म हो गई है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी है कि एलिस टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह अब ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ स्पेंसर जॉनसन IPL 2026 सीजन के लिए CSK टीम से जुड़ेंगे।
ये PSL छोड़कर IPL में आए, इनसे पहले दासुन शनाका, गुडाकेश मोती और ब्लेसिंग मुजारबानी IPL में एंट्री ले चुके हैं।
CSK फ्रेंचाइजी में शामिल हुए स्पेंसर जॉनसन
पिछले हफ्ते खबर आई थी कि नाथन एलिस ट्रेनिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए हैं और वह टूर्नामेंट के लिए फिट नहीं होंगे। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स को उनके रिप्लेसमेंट की तलाश थी। इसके बाद चर्चा थी कि ओटनील बार्टमैन को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है, जिन्हें PSL में हैदराबाद किंग्समेन ने चुना था।
लेकिन इसको लेकर अब IPL ने साफ कर दिया है कि स्पेंसर जॉनसन, जिन्हें IPL 2026 की नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला था, अब 1.50 करोड़ रुपये में CSK ने उन्हें टीम में शामिल कर लिया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज पहले भी 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स और 2024 में गुजरात टाइटन्स के लिए खेल चुके हैं, हालांकि उनका प्रदर्शन इन मुकाबलों में कुछ खास नहीं था।
नाथन एलिस की गैरमौजूदगी Chennai Super Kings के लिए बड़ी चिंता बन सकती है। एलिस अपनी विविधता, तेज़ी और कटर्स के लिए फेमस हैं, साथ ही वह खासकर मिडिल व डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाज़ी करते हैं। उनके बिना टीम के पास इस रोल को निभाने वाला कोई सीधा विकल्प नहीं नजर आ रहा है।
टीम में मौजूद अन्य विदेशी तेज़ गेंदबाज़ जैसे ज़ैक फॉल्क्स और मैट हेनरी ज़्यादातर नई गेंद से गेंदबाज़ी करने वाले खिलाड़ी हैं। भारतीय गेंदबाज़ खलील अहमद और अंशुल कंबोज भी इसी कैटेगरी में आते हैं।
IPL 2026 के लिए CSK की टीम
एमएस धोनी (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रूइस, शिवम दुबे, उर्विल पटेल, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन, गुरजापनीत सिंह, अंशुल कंबोज, अकील होसीन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैक फॉल्क्स।

