Rohit Sharma अब ICC Test Batting Rankings में भी टॉप 5 में जगह बना चुके हैं।
बुधवार (11 सितम्बर) को जारी हुए ताजा आईसीसी टेस्ट बैटिंग रैंकिंग (ICC Test Batting Rankings) में भारत के सलामी बल्लेबाज एवं कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने एक पायदान ऊपर उठकर टॉप 5 में अपनी जगह बना ली है। इससे पहले वह इंग्लैंड के मध्यक्रम बल्लेबाज हैरी ब्रूक से ठीक नीचे छठे स्थान पर मौजूद थे।
बता दें कि, हैरी ब्रूक हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ समाप्त हुई 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में खराब प्रदर्शन के चलते 7 पायदान नीचे आ गए हैं, जिसके चलते 6 बल्लेबाज अपनी पिछली रैंकिंग से एक-एक पायदान ऊपर उठ गए हैं। हालाँकि, वर्तमान समय में 10वें स्थान पर मौजूद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लैबुशेन के स्थान में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वह बुधवार को जारी हुए ताजा आईसीसी रैंकिंग से पहले भी इसी पायदान पर थे।
मौजूदा समय में आईसीसी टेस्ट और वनडे रैंकिंग के टॉप 5 में जगह बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज बने रोहित शर्मा

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपने अन्तर्राष्ट्रीय करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं, क्योंकि उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। यह माना जा रहा है कि, वह अगले साल टेस्ट और वनडे क्रिकेट करियर को भी विराम दे देंगे। हालाँकि, इससे पहले आईसीसी बैटिंग रैंकिंग में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। अब वह मौजूदा समय में आईसीसी टेस्ट और वनडे रैंकिंग के टॉप 5 में जगह बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज बन चुके हैं।
गौरतलब हो कि, रोहित शर्मा मौजूदा समय में आईसीसी वनडे बैटिंग रैंकिंग में दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। वह उस फॉर्मेट में भी वर्तमान समय में भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ऊपर हैं, जबकि टेस्ट बैटिंग रैंकिंग (ICC Test Batting Rankings) में भी ऐसा ही है। हालाँकि, यह पहली बार नहीं है जब किसी बल्लेबाज ने तीनों फॉर्मेट की आईसीसी बैटिंग रैंकिंग में टॉप 5 में जगह बनाई है। इससे पहले कई सारे बल्लेबाज यह कारनामा कर चुके हैं, लेकिन मौजूदा समय में कोई ऐसा बल्लेबाज नहीं है।
आईसीसी टेस्ट बैटिंग रैंकिंग के टॉप 10 में 3 भारतीयों का नाम शामिल

ताजा आईसीसी टेस्ट बैटिंग रैंकिंग (ICC Test Batting Rankings) के टॉप 10 में रोहित शर्मा सहित 3 भारतीय बल्लेबाजों का नाम शामिल है और तीनों ही बल्लेबाज एक-दूसरे के ठीक नीचे हैं। जहाँ एक ओर रोहित 751 रेटिंग पॉइंट्स के साथ 5वें स्थान पर हैं, तो वहीं दूसरी ओर बाएँ हाथ के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 740 रेटिंग पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर और अनुभवी विराट कोहली 737 रेटिंग पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर हैं।
आईसीसी टेस्ट बैटिंग रैंकिंग (11 सितम्बर 2024 के अनुसार)

- जो रूट (इंग्लैंड) – 899 रेटिंग प्वॉइंट्स
- केन विलियमसन (न्यूजीलैंड) – 859 रेटिंग प्वॉइंट्स
- डेरिल मिशेल (न्यूजीलैंड) – 768 रेटिंग प्वॉइंट्स
- स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) – 757 रेटिंग प्वॉइंट्स
- रोहित शर्मा (भारत) – 751 रेटिंग प्वॉइंट्स
- यशस्वी जायसवाल (भारत) – 740 रेटिंग प्वॉइंट्स
- विराट कोहली (भारत) – 737 रेटिंग प्वॉइंट्स
- उस्मान ख्वाजा (ऑस्ट्रेलिया) – 728 रेटिंग प्वॉइंट्स
- मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान) – 720 रेटिंग प्वॉइंट्स
- मार्नस लैबुशेन (ऑस्ट्रेलिया) – 720 रेटिंग प्वॉइंट्स

