England vs India: भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच 31 जुलाई से ओवल के मैदान पर खेला जाने वाला है। वहीं इस समय एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में इंग्लैंड की टीम फिलहाल 2-1 से आगे चल रही है। तभी तो अब ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस आखिरी मैच को जीतकर सीरीज को बराबरी पर समाप्त करना चाहेगी। इसके चलते हुए आइए ओवल के मैदान पर सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के बारे में भी जान लेते हैं।
1. राहुल द्रविड़ :-
ओवल के मैदान पर सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूचि में पहले पायदान पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का नाम आता है। इसके अलावा वह ओवल के मैदान पर 300 से ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज भी हैं।

वहीं उन्होंने अपने शानदार टेस्ट करियर में ओवल के मैदान पर कुल 3 मैच खेले हैं। इन मैचों में खेलते हुए उन्होंने 110.75 की शानदार बल्लेबाजी औसत के साथ 443 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक भी आए थे। इसमें उनके बल्ले से आया एक दोहरा शतक (207) भी शामिल है।
2. सचिन तेंदुलकर :-
इस मामले में दूसरे पायदान पर पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर का नाम आता है। इस मैदान पर उन्होंने 4 टेस्ट मैच खेले हैं। इन मैचों में खेलते हुए उन्होंने 45.33 की बल्लेबाजी औसत के साथ कुल 272 रन बनाए थे।

इसमें उनके बल्ले से 3 अर्धशतक भी शामिल थे। इसके अलावा इस मैदान पर वह आखिरी बार साल 2011 में खेलते नजर आए थे। तब उन्होंने 172 गेंदों पर 91 रन बनाए थे। लेकिन उस समय भारत को इस मैच में पारी और 8 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
3. रवि शास्त्री :-
इस सूचि में तीसरे स्थान पर पूर्व भारतीय दिग्गज रवि शास्त्री का नाम आता है। इस मैदान पर उन्होंने 2 ही टेस्ट मैच खेले थे। इन मैचों में खेलते हुए उन्होंने 84.33 की शानदार बल्लेबाजी औसत के साथ कुल 253 रन बनाए थे।

वहीं इस दौरान उनके बल्ले से यहां पर 2 बार 50+ रन के स्कोर भी आए थे। जबकि साल 1990 के ओवल टेस्ट में उन्होंने बड़ी शतकीय पारी खेली थी। तब उनके बल्ले से 436 गेंदों पर 187 रनों की पारी आई थी। लेकिन उस समय यह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
4. केएल राहुल :-
इस मामले में चौथे पायदान पर केएल राहुल का नाम आता है। उन्होंने भी इस मैदान पर 2 टेस्ट खेले थे। इन मैचों में खेलते हुए उन्होंने इनकी 4 पारियों में 62.25 की बल्लेबाजी औसत के साथ 249 रन बनाए थे। वहीं इस बीच उन्होंने 1 मैच में 149 रन की शतकीय पारी भी खेली थी।

इसके अलावा वह इस समय जारी एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में भी भारतीय टीम की तरफ से खेल रहे हैं। इस समय वह काफी शानदार फॉर्म में भी चल रहे हैं। इसके चलते हुए उन्होंने पिछले मैनचेस्टर टेस्ट की अपनी दूसरी पारी में 90 रनों की शानदार पारी भी खेली थी।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

