Ashes series: एशेज सीरीज 2025-26 के पांचवें टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने शानदार 160 रनों की पारी खेली है। वहीं इस मौजूदा सीरीज में उनके बल्ले से निकलने वाला यह दूसरा शतक भी है। इसके चलते हुए जो रुट अब इंग्लैंड के उन चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शुमार हो गए हैं जिन्होंने 21वीं सदी में ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए एक सीरीज के दौरान कम से कम 2 शतक लगाए हैं। आइए अब इस सूची के बारे में भी जान लेते हैं।
1. माइकल वॉन : 3 शतक :-
इस सूची में पहले पायदान पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का नाम आता है। क्यूंकि उन्होंने एशेज सीरीज 2002-03 में 5 टेस्ट की 10 पारियों में खेलते हुए 63.30 की शानदार बल्लेबाजी औसत के साथ 633 रन बनाए थे। उस समय उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन का रहा था।

तब उनके बल्ले से 3 शतक भी आए थे। इसके अलावा उस सीरीज में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे थे। वहीं तब उनकी शानदार बल्लेबाजी के बावजूद इंग्लैंड की टीम को उस एशेज सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
2. एलिस्टर कुक : 3 शतक :-
इस सूची में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक का नाम भी आता है। इसके अलावा इंग्लैंड की टीम ने साल 2010-11 में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर एशेज सीरीज को 3-1 से जीतकर अपने नाम किया था। तब इंग्लैंड की उस जीत में एलिस्टर कुक की काफी अहम भूमिका रही थी।

उस सीरीज में उन्होंने 7 पारियों में खेलते हुए 127.66 की शानदार बल्लेबाजी औसत के साथ 766 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 2 अर्धशतक भी आए थे। इसके अलावा उस सीरीज की एक पारी में उन्होंने नाबाद रहते हुए दोहरा शतक (235*) भी लगाया था।
3. जोनाथन ट्रॉट : 2 शतक :-
इस सूची में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट का नाम भी आता है। क्यूंकि उन्होंने भी साल 2010-11 की सीरीज में ही अपने बल्ले से काफी शानदार प्रदर्शन किया था। उस सीरीज में उन्होंने खेली 7 पारियों में 89.00 की शानदार बल्लेबाजी औसत के साथ 445 रन बनाए थे।

उस सीरीज में उनके बल्ले से नाबाद रहते हुए 168 रन की सर्वोच्च पारी आई थी। तब उनके बल्ले से 2 शतक और 1 अर्धशतक भी आया था। इसके अलावा उन्होंने एशेज सीरीज के इतिहास में केवल 12 ही टेस्ट खेले थे। इनमें खेलते हुए उन्होंने 48.26 की बल्लेबाजी औसत से 917 रन बनाए थे।
4. जो रूट : 2 शतक :-
इस सूची में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट का नाम भी आता है। क्यूंकि उन्होंने मौजूदा एशेज सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया की धरती पर कोई भी टेस्ट शतक नहीं लगाया था। अब उन्होंने 2025-26 की ऐतिहासिक एशेज सीरीज में खेलते हुए अभी तक 5 टेस्ट की 9 पारियों के बाद 49.25 की शानदार बल्लेबाजी औसत के साथ 394 रन बना लिए हैं।

इस सिडनी टेस्ट की 160 रन की पारी से पहले भी उनके बल्ले से ब्रिसबेन टेस्ट की पहली पारी में नाबाद रहते हुए 138 रन की शतकीय पारी आई थी। लेकिन पिंक बॉल से खेले गए उस टेस्ट मैच को ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 8 विकेट से जीत लिया था।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

