Top 5 Men with Most Grand Slam Appearances: टेनिस की दुनिया में ग्रैंड स्लैम खेलना ही किसी भी खिलाड़ी के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। लंबे टूर्नामेंट्स, कठिन ड्रॉ और दबाव भरे मुकाबले, इन सबके बीच साल दर साल लगातार ग्रैंड स्लैम खेलना आसान नहीं होता। लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने न सिर्फ इस स्तर पर लंबे वक्त तक खेला, बल्कि रिकॉर्ड संख्या में मेजर टूर्नामेंट्स में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
नोवाक जोकोविच के लिए साल 2025 का यूएस ओपन एक खास मुकाम लेकर आया है। जब वह न्यूयॉर्क में अपने पहले मैच के लिए कोर्ट पर उतरेंगे, तो यह उनके करियर का 80वां ग्रैंड स्लैम होगा। यह आंकड़ा उन्हें ओपन एरा के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल कर देता है, जिन्होंने सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खेले हैं। अब हम आपको उन पांच खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने अपने करियर में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेले हैं।
ये हैं सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेलने वाले टॉप 5 पुरुष खिलाड़ी | Most Grand Slam Appearances
5. स्टैन वावरिंका (Stan Wawrinka) – 75 ग्रैंड स्लैम
स्विट्ज़रलैंड के दिग्गज स्टैन वावरिंका ने अपने करियर में 75 ग्रैंड स्लैम खेले हैं। हालांकि, इस सीज़न में वे विम्बलडन और यूएस ओपन में नज़र नहीं आए, लेकिन उनकी उपलब्धियां उन्हें इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर जगह दिलाती हैं। वावरिंका ने 2005 में फ्रेंच ओपन से अपना ग्रैंड स्लैम सफर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने 2014 का ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2015 का फ्रेंच ओपन और 2016 का यूएस ओपन जीतकर अपने सुनहरे दौर को यादगार बना दिया। इसके अलावा वे एक और फाइनल और पांच सेमीफाइनल तक भी पहुंचे।
4. रिचर्ड गैस्के (Richard Gasquet) – 75 ग्रैंड स्लैम
फ्रांस के रिचर्ड गैस्के ने इस साल फ्रेंच ओपन में विदाई लेते हुए अपने करियर का आखिरी ग्रैंड स्लैम खेला। उन्होंने 2002 में महज 15 साल की उम्र में पहली बार ग्रैंड स्लैम खेला था। इसके बाद वह 23 साल तक लगातार इस मंच पर उतरते रहे। दो बार विम्बलडन और एक बार यूएस ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचना उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। 2016 में वे अपने होम ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन में भी क्वार्टर फाइनल तक भी पहुंचे थे।
3. नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) – 80 ग्रैंड स्लैम
सर्बिया के नोवाक जोकोविच का नाम आते ही सबसे पहले उनकी जीत की भूख और लगातार बने रहने की क्षमता याद आती है। 2005 ऑस्ट्रेलियन ओपन से डेब्यू करने के बाद उन्होंने 2008 में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इसके बाद से 24 ग्रैंड स्लैम जीतकर उन्होंने टेनिस इतिहास में सबसे ज्यादा मेजर टाइटल जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। अब उनका 80वां ग्रैंड स्लैम उन्हें इस सूची में तीसरे नंबर पर खड़ा करता है। खास बात यह है कि अगला ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलते ही वह सूची में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुँच जाएंगे।
2. फेलिसियानो लोपेज (Feliciano Lopez) – 81 ग्रैंड स्लैम
स्पेन के फेलिसियानो लोपेज अपनी निरंतरता के लिए याद किए जाते हैं। उन्होंने 2001 फ्रेंच ओपन से करियर की शुरुआत की और उसके बाद 2002 से लेकर 2022 तक एक भी ग्रैंड स्लैम मिस नहीं किया। उन्होंने लगातार 79 बार मेन ड्रॉ में हिस्सा लिया था, जो कि एक रिकॉर्ड भी है। उन्होंने अपना आखिरी और 81वां ग्रैंड स्लैम विम्बलडन खेला था। चार बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले लोपेज हमेशा अपनी सर्विस और कोर्ट पर मौजूदगी से दर्शकों को प्रभावित करते रहे।
1. रोजर फेडरर (Roger Federer) – 81 ग्रैंड स्लैम
रोजर फेडरर अब तक संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने फ्रेंच ओपन 1999 से अपना ग्रैंड स्लैम सफर शुरू किया और विम्बलडन 2021तक कुल 81 बार मेन ड्रॉ में हिस्सा लिया। इस दौरान वह कुल 31 बार फाइनल में पहुंचे और 20 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते। फेडरर का करियर सिर्फ आंकड़ों से नहीं बल्कि उनके खेल की खूबसूरती और अंदाज़ से याद रखा जाएगा।
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

