सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) ने पेरिस मास्टर्स 2024 (Paris Masters 2024) में नहीं खेलने का फैसला किया है। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने फैंस को एक संदेश दिया है।
24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन ने हाल के वर्षों में कई सारे टूर्नामेंट्स को छोड़ने का फैसला किया हैं। इसका मतलब है कि, उनका किसी भी मास्टर्स-1000 इवेंट में हिस्सा लेना निश्चित नहीं है। अब उनकी प्राथमिकता ग्रैंड स्लैम और सर्बिया का प्रतिनिधित्व करना है।
हालांकि, जोकोविच को कुछ प्रदर्शनी टूर्नामेंट खेलते हुए भी देखा गया है। हाल ही में उन्होंने सऊदी अरब में सिक्स किंग्स स्लैम में राफेल नडाल, जैनिक सिनर, कार्लोस अल्काराज़, डेनियल मेदवेदेव और होल्गर रूण के साथ भाग लिया था। उस प्रदर्शनी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जैनिक सिनर से हारने के बाद, जोकोविच ने अपना आखिरी मैच नडाल के खिलाफ खेला था।

नडाल और जोकोविच के बीच की प्रतिद्वंदिता काफी मशहूर थी और टेनिस फैंस इस प्रतिद्वंदिता को सर्वश्रेष्ठ भी मानते हैं। हालाँकि, स्पेनिश दिग्गज की मानें तो, रोजर फेडरर उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंदी थे।
सर्बियाई खिलाड़ी ने अगले महीने डेविस कप फाइनल में नडाल के अंतिम मुकाबले को सामने से देखने का भी वादा किया है। उम्मीद है कि, कार्लोस अल्काराज़ आगामी टूर्नामेंट में नडाल के साथ डबल्स खेलेंगे। हालाँकि, यह साफ नहीं है कि, जोकोविच इस सीजन के अंत से पहले किसी और टूर्नामेंट में खेलेंगे या नहीं।
Paris Masters 2024 में हिस्सा नहीं लेंगे नोवाक जोकोविच
37 वर्षीय नोवाक जोकोविच ने पेरिस मास्टर्स 2024 में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। इसका मतलब यह है कि, वह पिछले साल पेरिस मास्टर्स में जीते गए खिताब का बचाव नहीं करेंगे या अगले सप्ताह बेलग्रेड ओपन में घरेलू मैदान पर नहीं उतरेंगे।
Wishing our 7-time champion to be back on court soon 🙌 #RolexParisMasters pic.twitter.com/PKdhe8y4kG
— ROLEX PARIS MASTERS (@RolexPMasters) October 23, 2024
पेरिस में न खेलने के अपने फ़ैसले के चलते जोकोविच साल के अंत में होने वाले एटीपी फ़ाइनल के लिए क्वालीफाई भी नहीं कर पाएँगे। वर्तमान समय में वह ATP रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं, लेकिन लेकिन दूसरे खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर वह टॉप 8 से बाहर हो सकते हैं।
हालाँकि, यदि जोकोविच फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर भी लेते हैं, तो उनका उस टूर्नामेंट में हिस्सा लेना काफी मुश्किल है। ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता ने पहले ही संकेत दिया था कि वह एटीपी फाइनल जैसे टूर्नामेंट से दूर हो चुके हैं, जिसका मतलब है कि वह शायद ट्यूरिन में होने वाले इस टूर्नामेंट में भाग न लें।
Novak Djokovic ने मांगी फैंस से माफी

जोकोविच ने पेरिस मास्टर्स 2024 में हिस्सा ना लेने के अपने फैसले पर फैंस से माफी मांगी है। हालाँकि, वह नियमित रूप से मास्टर्स-1000 टूर्नामेंटों में भाग नहीं लेते हैं। जोकोविच ने सोशल मीडिया पर अपनी पिछली जीतों के साथ-साथ फैंस के नाम एक संदेश दिया है।
जोकोविच ने लिखा:
दुर्भाग्य से मैं इस साल रोलेक्स पेरिस मास्टर्स नहीं खेल पाऊँगा। मैं उन सभी से माफ़ी माँगता हूँ जो मुझे वहाँ खेलते हुए देखने की उम्मीद कर रहे थे। मैं सभी खिलाड़ियों, प्रायोजकों, आयोजकों और प्रशंसकों को एक शानदार टूर्नामेंट की शुभकामनाएँ देता हूँ। सात बार खिताब जीतने के बाद मेरे पास बहुत सारी शानदार यादें हैं और मुझे उम्मीद है कि मैं अगले साल फिर से खेलूँगा।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा, खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरों पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।


