Anushka Sharma’s Emotional Tribute After Virat Kohli Retires from Test Cricket: भारतीय क्रिकेट के महानतम बल्लेबाज़ों में शुमार विराट कोहली ने जैसे ही टेस्ट क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा की, वैसे ही न सिर्फ क्रिकेट जगत, बल्कि लाखों प्रशंसकों की आंखें नम हो गईं। लेकिन इस फैसले से सबसे ज्यादा प्रभावित और भावुक व्यक्ति रहीं उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, जिन्होंने विराट के साथ साझा किए गए निजी अनुभवों और उनकी संघर्ष भरी यात्रा को शब्दों में पिरोते हुए इंस्टाग्राम पर बेहद भावुक संदेश लिखा।
अनुष्का शर्मा ने विराट के टेस्ट संन्यास की घोषणा के बाद अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “लोग रिकॉर्ड्स और माइलस्टोन्स की बातें करेंगे, लेकिन मैं उन आंसुओं को याद रखूंगी जो तुमने कभी नहीं दिखाए, वे लड़ाइयाँ जिन्हें किसी ने नहीं देखा और उस अटल प्रेम को जो तुमने इस फॉर्मेट को दिया। मुझे पता है कि ये सब कुछ तुमसे कितना कुछ ले गया। हर टेस्ट सीरीज़ के बाद तुम थोड़े और समझदार, थोड़े और विनम्र बनकर लौटे। तुम्हारे इस सफर को देखना मेरे लिए एक सौभाग्य रहा है।”
उन्होंने आगे लिखा, “किसी वजह से मुझे हमेशा लगता था कि तुम इंटरनेशनल क्रिकेट को व्हाइट जर्सी में अलविदा कहोगे। लेकिन तुमने हमेशा अपने दिल की सुनी है, और इसलिए मेरे प्यार, तुमने इस अलविदा का हर एक हिस्सा कमाया है।”

“लंबी कहानी जो हर पिच पर लिखके भी खत्म ना हो”
विराट कोहली के टेस्ट संन्यास की खबर के एक दिन बाद अनुष्का ने एक और इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की जिसमें उन्होंने लिखा, “इसलिए टेस्ट क्रिकेट में वही सफल हुए जिनके पास कहने को कोई कहानी थी। लंबी कहानी जो गीली, सूखी, देशी, विदेशी हर पिच पर लिख के भी ख़त्म ना हो।”

विराट कोहली का टेस्ट करियर
विराट कोहली ने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और 2025 में जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा, तब तक वह इस फॉर्मेट के सबसे प्रभावशाली भारतीय खिलाड़ियों में से एक बन चुके थे। उन्होंने अपने करियर में कुल 123 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उन्होंने 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 30 शतक भी जड़े।
कोहली ने भारत को विदेशों में ऐतिहासिक जीत दिलाई और एक कप्तान के तौर पर आक्रामकता और फिटनेस की जो परंपरा शुरू की, उसने भारतीय टीम की सोच बदल दी।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

