IPL Records: इस समय आईपीएल 2025 के सीजन अपने अंतिम चरण की तरफ बढ़ रहा है। इस बीच आईपीएल 2025 सीजन के 70वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के खिलाफ काफी शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (54) खेली थी। वहीं यह उनके आईपीएल करियर का 63वां और इस मौजूदा संस्करण का 8वां अर्धशतक भी था। इस अर्धशतक को उन्होंने केवल 27 गेंदों में पूरा किया था। जबकि यह आईपीएल में कोहली का LSG के खिलाफ दूसरा अर्धशतक भी रहा है।
कोहली ने खेली LSG के खिलाफ शानदार पारी :-
इस मैच में खेलते हुए आरसीबी की टीम को कुल 228 रनों का लक्ष्य मिला था। इस स्कोर का पीछा करते हुए कोहली और फिलिप सॉल्ट (30) की सलामी जोड़ी ने अपनी टीम के लिए शानदार शुरुआत की। इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 34 गेंदों में 61 रन जोड़े।

सॉल्ट के आउट हो जाने के बाद भी कोहली ने रन गति को बनाए रखा और कमजोर गेंदों को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। इस मैच में वह 30 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए।
IPL में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने कोहली :-
अपनी इस शानदार पारी के साथ ही अब वह आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। वहीं इस मामले में उन्होंने अब डेविड वार्नर (62) को पीछे छोड़ दिया है। जबकि इस सूचि में तीसरे नंबर शिखर धवन (51) आते हैं।

इसके अलावा विराट ने इस आईपीएल सीजन 2025 में भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। इस सीजन में उन्होंने अभी तक 13 मैचों में खेलते हुए करीब 61 की बल्लेबाजी औसत और 147.91 की स्ट्राइक रेट से 602 रन बना लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने टी-20 में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए अपने 9,000 रन भी पूरे कर लिए हैं।
विराट कोहली का आईपीएल करियर :-
आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस समय आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। जबकि इस लीग में खेलते हुए वह अभी भी लगातार रन बना रहे हैं। इस लीग में खेलते हुए वह अभी तक 265 मैचों की 257 पारियों में 39.66 की औसत और 132.97 की स्ट्राइक रेट के साथ 8,606 रन बना चुके हैं।

जबकि आईपीएल में उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 7,000 रन का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाया है। आईपीएल में उनका सबसे बड़ा स्कोर नाबाद रहते हुए 113 रन का है। जबकि इस लीग में उनके नाम 8 शतक और 63 अर्धशतक भी हैं।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

