Harry Brook Becomes No.1 Test Batter and Shubman Gill Climbs to Career-Best Rank in ICC Rankings: भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन टेस्ट के बाद आईसीसी की ताज़ा टेस्ट रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। लंबे समय तक नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज़ रहे जो रूट को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड के ही हैरी ब्रुक अब नए टेस्ट किंग बन गए हैं। वहीं, भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है और करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की है।
ब्रुक की लाजवाब पारी ने दिलाया नंबर 1 का ताज
एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में हैरी ब्रुक ने 158 रन की शानदार पारी खेली। इसी प्रदर्शन की बदौलत वे आईसीसी टेस्ट बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में फिर से टॉप पर पहुंच गए हैं। अब ब्रुक के नाम 899 रेटिंग प्वाइंट हैं, जबकि जो रूट 881 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गए हैं।
शुभमन गिल की रैंकिंग में जबरदस्त छलांग
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन मेंपहली पारी में 269 और दूसरी में 161 रन बनाए। इस प्रदर्शन के बाद वह टेस्ट रैंकिंग में 15 स्थान की छलांग लगाते हुए छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। गिल के अब 820 रेटिंग प्वाइंट हैं और वे अब ब्रुक से सिर्फ 79 अंक पीछे हैं।
उनसे ऊपर जो खिलाड़ी हैं उनमें जो रूट (दूसरे), केन विलियमसन (तीसरे), यशस्वी जायसवाल (चौथे) और स्टीव स्मिथ (पांचवें) शामिल हैं।
जैमी स्मिथ और मल्डर ने भी किया कमाल
इंग्लैंड के युवा विकेटकीपर जैमी स्मिथ ने एजबेस्टन टेस्ट में नाबाद 184 और 88 रनों की पारियों के बाद टेस्ट बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में 16 पायदान चढ़कर 10वें पर आ गए हैं।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मल्डर ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 367* रन बनाकर ना सिर्फ बल्लेबाज़ों की लिस्ट में 34 स्थान की छलांग लगाई, बल्कि ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी 12 पायदान ऊपर आकर तीसरे नंबर पर पहुंच गए। उन्होंने अपनी टीम की पारी 626/5 पर घोषित की, जबकि वे ब्रायन लारा के रिकॉर्ड की बराबरी करने से मात्र 33 रन दूर थे।
गेंदबाज़ों की रैंकिंग में बुमराह टॉप पर कायम
भारत के जसप्रीत बुमराह इस टेस्ट में नहीं खेले, फिर भी वे टेस्ट गेंदबाज़ों की रैंकिंग में नंबर 1 पर बने हुए हैं। वहीं मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ बढ़िया प्रदर्शन करते हुए 6 स्थान की छलांग लगाकर अब 22वें स्थान पर आ गए हैं।
वेस्टइंडीज के युवा तेज़ गेंदबाज़ शमार जोसेफ और अल्ज़ारी जोसेफ ने भी 6-6 पायदान ऊपर चढ़कर क्रमशः 29वें और 31वें स्थान पर जगह बनाई है।
वनडे रैंकिंग में श्रीलंकाई खिलाड़ियों की छलांग
श्रीलंका ने हाल ही में बांग्लादेश को 2-1 से हराया, जिसका असर वनडे रैंकिंग में देखने को मिला। कप्तान चरिथ असलंका 2 पायदान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि शुभमन गिल अभी भी नंबर 1 बने हुए हैं।
श्रीलंका बनाम बांग्लादेश वनडे सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुसल मेंडिस को मैन ऑफ द सीरीज़ चुना गया और वे 10 स्थान की छलांग लगाकर अब टॉप 10 में आ गए हैं। वे अब 10वें स्थान पर हैं।
वनडे गेंदबाज़ों की रैंकिंग में वानिंदु हसरंगा ने भी 11 पायदान की छलांग लगाकर अब आठवां स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों में कुल 9 विकेट लिए।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

