ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान इस साल के अंत में होने वाली इंडिया के खिलाफ सीरीज़ से बाहर हो गए हैं। उनका इन अहम सीरीज़ से बाहर होना टीम के लिए काफ़ी बड़ा झटका है। लेकिन उनकी नज़र साल के आख़िरी में होने वाली एशेज पर है।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के बाहर होने पर युवा खिलाड़ियों को टीम में मौका दिया गया है। उनकी चोट पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी बयान जारी किया है और उनकी वापसी के बारे में बताया है।
पीठ की चोट के चलते मिस करेंगे इंडिया और न्यूज़ीलैंड सीरीज़

दरअसल पैट कमिंस पीठ में चोट की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके चलते वो इंडिया और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ होने वाली व्हाइट बॉल की सीरीज़ में हिस्सा लेते हुए नहीं दिखेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने बयान में बताया कि वो अभी रिहैब में हिस्सा लेंगे क्योंकि उनका मुख्य फोकस इस साल के आख़िरी में होने वाली एशेज सीरीज़ पर है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों के लिए यह सीरीज़ काफ़ी अहम रहती है।
एशेज तक फिट होने की है संभावना
इंग्लिश टीम पिछले एक दशक से ऊपर ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एक भी मैच नहीं जीत पाई है, जबकि आख़िरी बार उन्होंने वहाँ पर कोई मैच साल 2010-11 में हुई एशेज के दौरान जीता था। यहीं नहीं, तब उन्होंने सीरीज़ भी अपने नाम की थी। इस बार इंग्लैंड का सपना एक बार फिर से एशेज को जीतने का होगा, जिसके लिए वो पिछले दो सालों से तैयारी में जुटे हुए हैं। कमिंस घर में होने वाली इस मार्की सीरीज़ के लिए पूरी तरह से फिट होना चाहेंगे।
कमिंस भारत के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली सीरीज़ के साथ-साथ न्यूज़ीलैंड के खिलाफ दौरे से भी बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पर ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान ऑलराउंडर मिचेल मार्श संभाल रहे होंगे। वो पहले भी पैट की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल चुके हैं। हालांकि उनके नेतृत्व में टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है।
मिचेल स्टार्क ने लिया टी20 क्रिकेट से संन्यास
ऑस्ट्रेलिया ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ अक्टूबर की शुरुआत में होने वाली सीरीज़ के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। इस दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस के बिना उतरेगी। कमिंस चोट के चलते नहीं खेल रहे होंगे जबकि बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ स्टार्क ने छोटे फ़ॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने आज ही यह निर्णय लिया है क्योंकि उनका ध्यान साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप और टेस्ट क्रिकेट पर है।
मार्कस स्टोइनिस की हुई लगभग एक साल के बाद वापसी
न्यूज़ीलैंड सीरीज़ के लिए टीम में मार्कस स्टोइनिस की वापसी हुई है। उनको लंबे समय के बाद दल में जगह दी गई है। आख़िरी बार इस स्टार ऑलराउंडर ने नवंबर 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ कोई मुकाबला खेला था।
उसके बाद उन्होंने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी छोड़ दिया था ताकि वो अन्य लीग में भी खेल सकें। वो हाल ही में इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड’ खेल रहे थे, जिसमें उनकी टीम फाइनल तक गई थी लेकिन उस खिताबी मुकाबले में ओवल इन्विंसिबल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम
मिशेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, टिम डेविड, बेन ड्वार्शिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, मैट कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मिच ओवेन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा।

