Puneri Paltan vs Patna Pirates PKL 2025 Match 22 Preview: प्रो कबड्डी लीग 2025 का अगला बड़ा मुकाबला सोमवार, 9 सितंबर को खेला जाएगा। यह मैच पुणेरी पलटन और पटना पाइरेट्स के बीच होगा, जो विशाखापट्टनम के विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब में रात 9 बजे शुरू होगा। एक तरफ पुणेरी पलटन अंक तालिका में शीर्ष पर मजबूती से टिकी है, वहीं तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स अब तक जीत से महरूम है। इस मुकाबले की सबसे खास बात होगी दो दिग्गज कोचों की टक्कर, जहां अजय ठाकुर और अनुप कुमार पहली बार आमने-सामने होंगे।
मैच की जानकारी
मैच: पुणेरी पलटन बनाम पटना पाइरेट्स
टूर्नामेंट: प्रो कबड्डी लीग 2025, मैच 22
तारीख: सोमवार, 9 सितंबर 2025
समय: रात 9 बजे
स्थान: विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब, विशाखापट्टनम
लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध
पुणेरी पलटन बनाम पटना पाइरेट्स संभावित प्लेइंग सेवन
पुणेरी पलटन
राइट कॉर्नर – गौरव खत्री
राइट इन – आदित्य शिंदे
राइट कवर – अबीनेश नादराजन
सेंटर – पंकज मोहिते
लेफ्ट कवर – गुरदीप
लेफ्ट इन – असलम इनामदार (कप्तान)
लेफ्ट कॉर्नर – विशाल भारद्वाज
पटना पाइरेट्स
राइट कॉर्नर – सोंबीर
राइट इन – मनींदर सिंह
राइट कवर – दीपक सिंह
सेंटर – सुधाकर एम
लेफ्ट कवर – संकेतम सावंत
लेफ्ट इन – अयान
लेफ्ट कॉर्नर – अंकित (कप्तान)
पुणेरी पलटन बनाम पटना पाइरेट्स मैच में किन चीजों पर रहेंगी नजरें?
अजय ठाकुर बनाम अनुप कुमार (दो दिग्गज कोचों की लड़ाई)
यह मुकाबला केवल अंक तालिका की स्थिति का फर्क नहीं दिखाएगा, बल्कि यह दो दिग्गज खिलाड़ियों की सोच और रणनीति की भी टक्कर होगी। अजय ठाकुर की अगुवाई में पुणेरी पलटन लगातार जीत दर्ज कर रही है, जबकि अनुप कुमार की देखरेख में पटना पाइरेट्स अभी तक हार से बाहर नहीं निकल पाई है।
दोनों दिग्गज खिलाड़ी अपने करियर में कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। पीकेएल सीजन 2 का फाइनल इसका बड़ा उदाहरण है, जब अनुप कुमार की यू मुम्बा ने अजय ठाकुर की बेंगलुरु बुल्स को हराया था। अब दोनों मैदान से बाहर अपनी टीमों की रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
मनींदर सिंह बनाम पुणेरी पलटन की डिफेंस
पटना पाइरेट्स की सबसे बड़ी ताकत उनके अनुभवी रेडर मनींदर सिंह हैं, जिनके नाम 1551 से अधिक रेड अंक और 79 सुपर 10 दर्ज हैं। हालांकि, इस सीजन उनकी शुरुआत कुछ खास नहीं रही है। तीन मैचों में उन्होंने 23 अंक जुटाए हैं, जिसमें एक सुपर 10 शामिल है।
उनका सामना होगा पुणेरी पलटन की मजबूत डिफेंस से। गौरव खत्री, गुरदीप और विशाल भारद्वाज की तिकड़ी ने अब तक शानदार खेल दिखाया है। टीम ने इस सीजन औसतन 13 से ज्यादा टैकल अंक प्रति मैच हासिल किए हैं। ऐसे में मनींदर के लिए यह मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण रहेगा।
पुणेरी पलटन और पटना पाइरेट्स का PKL 2025 में अब तक का सफर
पुणेरी पलटन
पुणेरी पलटन ने अब तक चार मुकाबले खेले हैं, जिनमें तीन में जीत और एक में हार मिली है। खास बात यह रही कि हार भी गोल्डन रेड में दबंग दिल्ली के खिलाफ मिली। बाकी मुकाबलों में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंगाल वारियर्स, गुजरात जायंट्स और बेंगलुरु बुल्स को मात दी।
टीम की सबसे बड़ी ताकत है उसका संतुलित प्रदर्शन। आदित्य शिंदे लगातार अच्छा खेल रहे हैं, वहीं कप्तान असलम इनामदार ने टीम को मजबूती दी है। असलम हाल ही में पुणेरी पलटन के लिए 500 रेड अंक पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।
पटना पाइरेट्स
पटना पाइरेट्स का सीजन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक अपने तीनों मुकाबले हारे हैं। उन्हें यूपी योद्धाज से 31-34, जयपुर पिंक पैंथर्स से 36-39 और बेंगलुरु बुल्स से 30-38 से मात झेलनी पड़ी। हालाँकि,सबसे बड़ी चिंता उनकी डिफेंस है, जिसने अब तक औसतन सिर्फ 6 अंक प्रति मैच हासिल किए हैं।
हालांकि, टीम के लिए एक सकारात्मक पहलू युवा रेडर अयान का प्रदर्शन है। उन्होंने तीन मैचों में 25 अंक जुटाए हैं और एक सुपर 10 भी लगाया है। उनकी तेजी और आत्मविश्वास टीम के लिए आगे मददगार साबित हो सकते हैं।
पुणेरी पलटन बनाम पटना पाइरेट्स हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
अब तक प्रो कबड्डी लीग में दोनों टीमों के बीच 24 मुकाबले हुए हैं। इसमें पटना पाइरेट्स का पलड़ा भारी है, जिन्होंने 14 मुकाबले जीते हैं। पुणेरी पलटन ने 6 मैच जीते हैं, जबकि 4 मुकाबले टाई रहे हैं। हालांकि, हालिया सीजन में पुणेरी पलटन का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
क्या उम्मीद की जाए?
यह मुकाबला पुणेरी पलटन की मजबूती और पटना पाइरेट्स की जुझारूपन की टक्कर होगा। पलटन का डिफेंस और बहुमुखी रेडिंग अटैक उनके लिए बड़ा हथियार होगा, जबकि पाइरेट्स अपने अनुभवी मनींदर और युवा अयान पर भरोसा करेंगे। अजय ठाकुर और अनुप कुमार की कोचिंग रणनीतियों का असर सबसे बड़ा रोमांच होगा, जो इस मैच का रुख बदल सकता है।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

