UP Yoddhas Assistant Coach Upendra Malik Emphasizes Patience and Focus Ahead Of Tamil Thalaivas Match: प्रो कबड्डी लीग 2025 का रोमांच अपने चरम पर है और सोमवार को जयपुर के एसएमएस इंडोर स्टेडियम में दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में गुजरात जायंट्स का सामना बेंगलुरु बुल्स से होगा, जबकि दिन का दूसरा और ज्यादा रोमांचक मुकाबला तमिल थलाइवाज और यूपी योद्धाज के बीच खेला जाएगा।
दोनों टीमें इस सीजन में लगातार अच्छे नतीजे नहीं निकाल पाई हैं और पॉइंट्स टेबल में बीच रहकर में संघर्ष कर रही हैं। यही वजह है कि यह मैच दोनों के लिए बेहद अहम होगा।
यूपी योद्धाज की खराब शुरुआत और लगातार हार
यूपी योद्धाज का अब तक का अभियान उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। टीम ने अपने छह मैचों में सिर्फ चार अंक हासिल किए हैं और लगातार चार मुकाबले हारकर आ रही है। इस हार का असर टीम के आत्मविश्वास पर जरूर पड़ा है, लेकिन टीम मैनेजमेंट लगातार खिलाड़ियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने पर जोर दे रहा है।
असिस्टेंट कोच उपेंद्र मलिक का बयान
टीम के असिस्टेंट कोच उपेंद्र मलिक ने हाल ही में हुए बंगाल वॉरियर्ज के खिलाफ हार के बाद टीम की स्थिति पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि हार का बोझ ज्यादा देर तक सिर पर रखने से टीम पर नकारात्मक असर पड़ता है।
मलिक ने कहा, “कोच के तौर पर मेरी कोशिश रहती है कि टीम का माहौल हमेशा पॉजिटिव बना रहे। हर मैच एक नया मौका होता है, इसलिए पुराने हार पर ज्यादा सोचने का कोई फायदा नहीं है। हमें आगे बढ़ना होगा और नए मैच पर ध्यान देना होगा।”
मलिक ने बताया कि बंगाल वॉरियर्ज के खिलाफ टीम ने अच्छी शुरुआत की थी और डिफेंस ने शुरुआती समय में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। लेकिन मैच के अंतिम पलों में टीम ने संयम खो दिया, जिसकी वजह से महत्वपूर्ण अंक गंवाने पड़े।
उन्होंने कहा, “अगर हम थोड़ी और धैर्य और अनुशासन दिखाते, तो यह मैच हमारे पक्ष में जा सकता था।”
लगातार 40 मिनट तक अच्छे खेल की जरूरत
उपेंद्र मलिक ने यह भी साफ किया कि सिर्फ कुछ समय के लिए अच्छा खेलना काफी नहीं है।
उन्होंने कहा, “कबड्डी में जीत तभी मिलती है जब आप पूरे 40 मिनट तक ध्यान केंद्रित रखो। डिफेंस और रेड दोनों को लगातार बेहतर प्रदर्शन करना होता है। एक छोटी सी चूक भी मैच का रुख बदल सकती है। इसलिए मैं खिलाड़ियों को हमेशा यही समझाता हूं कि चाहे हम कुछ समय अच्छा खेल लें, लेकिन अगर नतीजा हार में बदलता है तो वह हार ही कहलाएगी।”
तमिल थलाइवाज के खिलाफ बड़ी चुनौती
अब यूपी योद्धाज का सामना तमिल थलाइवाज से होगा, जो खुद भी इस सीजन में स्थिरता की तलाश में हैं। दोनों टीमों के पास मजबूत रेडिंग यूनिट है और यह मैच हाई-स्कोरिंग होने की संभावना है। ऐसे में यूपी योद्धाज को इस मैच में अपने डिफेंस पर खास ध्यान देना होगा। टीम चाहेगी कि वह शुरुआती मिनट से दबाव बनाए और अंत तक संयम बनाए रखे, ताकि जीत हासिल कर सके।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

