आईपीएल 2026 का ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी के एतिहाद एरिना में होना है। इस नीलामी के लिए 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया था और उनमें से 369 प्लेयर्स को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस बार भी कई खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश होगी, जबकि कई अंडररेटेड प्लेयर्स को भी खरीदा जा सकता है।
कैमरन ग्रीन और लियम लिविंगस्टोन इस बार के सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं। इस बार के ऑक्शन में भी मल्लिका सागर ऑक्शनर के रूप में उपलब्ध होंगी। तो चलिए जानते हैं कि कौन हैं मल्लिका सागर और अब तक कौन-कौन से ऑक्शनर रह चुके हैं।
कौन हैं मल्लिका सागर?

मल्लिका सागर ने 2023 में पहला बड़ा इतिहास रचा, जब वह आईपीएल में ऑक्शन की मेजबानी करने वाली पहली महिला बनीं। दुबई में हुए मिनी ऑक्शन में उन्होंने जिस आत्मविश्वास और पेशेवर अंदाज में यह जिम्मेदारी निभाई, उसने दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों दोनों को प्रभावित किया।
Also Read: ऑक्शनियर मल्लिका सागर कौन हैं? करियर, उपलब्धियां और सफर
इसके बाद उन्होंने नवंबर 2024 में जेद्दा में हुए आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में भी बड़ी कुशलता के साथ ऑक्शन का संचालन किया। इसी बीच वह WPL के पहले सीजन से ही इस ऑक्शन का अहम हिस्सा बनीं और लगातार अपनी भूमिका को और मजबूत करती चली गईं।
कबड्डी से क्रिकेट तक की यात्रा
मल्लिका सागर की खेल ऑक्शन की यात्रा 2021 से शुरू हुई, जब वह प्रो कबड्डी लीग की पहली महिला ऑक्शनियर बनीं। यह वह दौर था, जब खेल ऑक्शन में महिलाओं की उपस्थिति लगभग नहीं थी और मल्लिका ने अपनी क्षमता और मेहनत से रास्ता खुद बनाया।
इसके बाद जब 2023 में पहली बार वीमेंस प्रीमियर लीग ऑक्शन हुई, तो उन्होंने इसे बड़ी सहजता से संभाला और क्रिकेट जगत में अपनी पहचान को एक नए स्तर पर पहुंचाया।
मुंबई से अमेरिका तक की शिक्षा और शुरुआती प्रेरणा
मल्लिका सागर का जन्म मुंबई के एक बिजनेस परिवार में हुआ और उन्हें बचपन से ही कला और संस्कृति के माहौल का अनुभव मिलता रहा। उन्होंने अमेरिका के Bryn Mawr College से आर्ट हिस्ट्री की पढ़ाई की, जिसने उनके पेशेवर जीवन की बुनियाद को और मजबूत किया।
दिलचस्प बात यह है कि उनका ऑक्शन की दुनिया से पहला परिचय एक किताब के माध्यम से हुआ, जिसमें मुख्य किरदार एक अनुभवी ऑक्शनियर था और इसी कथा ने उन्हें इस क्षेत्र में कदम रखने की प्रेरणा दी।
क्रिस्टीज से अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत
उनके करियर की शुरुआत 2001 में न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय ऑक्शन हाउस क्रिस्टीज से हुई। मात्र 26 वर्ष की उम्र में वह क्रिस्टीज के अंतरराष्ट्रीय आर्ट और लग्जरी बिजनेस में काम करने वाली पहली भारतीय महिला ऑक्शनियर बनीं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि थी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह अनुभव उनके आत्मविश्वास और ऑक्शन कौशल को और गहरा करता गया। बाद में वह भारत लौटीं और मुंबई की Pundole’s Art Gallery जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ भी जुड़ीं, जहां उन्होंने भारतीय कला जगत में ऑक्शन के अपने अनुभवों को आगे बढ़ाया।
अब तक के आईपीएल इतिहास के ऑक्शनियर
- साल 2008 से 2018 तक – रिचर्ड मैडली
- साल 2018 और 2021 – ह्यू एडमीड्स
- साल 2022 – चारु शर्मा
- साल 2023 – ह्यू एडमीड्स
- साल 2024 से 2026 तक – मल्लिका सागर

