श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, सेमीफाइनल की उम्मीद जिंदा रखने के लिए पाकिस्तान को बड़ी जीत की जरूरत।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 स्टेज के ग्रुप 2 में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पल्लेकेले में अहम मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है, जिससे पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करनी होगी।
पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे सिर्फ जीत ही नहीं बल्कि बड़ी जीत की भी जरूरत है। टीम का नेट रन रेट न्यूजीलैंड से काफी पीछे है, इसलिए रन अंतर निर्णायक साबित हो सकता है।
पाकिस्तान की प्लेइंग XI में बड़े बदलाव
पाकिस्तान टीम ने इस अहम मैच के लिए अपनी प्लेइंग XI में तीन बदलाव किए हैं। बाबर आजम (Babar Azam), साइम अयूब (Saim Ayub) और सलमान मिर्जा (Salman Mirza) को बाहर रखा गया है। उनकी जगह नसीम शाह (Naseem Shah), ख्वाजा नफे (Khawaja Nafay) और अबरार अहमद (Abrar Ahmed) को टीम में शामिल किया गया है।
टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) और फखर जमान (Fakhar Zaman) पर रहेगी, जबकि गेंदबाजी में शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) और नसीम शाह की भूमिका अहम होगी।
श्रीलंका टीम में भी बदलाव
श्रीलंका की टीम ने भी दो बदलाव किए हैं। कुसल मेंडिस (Kusal Mendis) चोट के कारण बाहर हो गए हैं और उनकी जगह कमिल मिशारा (Kamil Mishara) को मौका मिला है। इसके अलावा दुशन हेमंथा (Dushan Hemantha) की जगह जनिथ लियानगे (Janith Liyanage) को शामिल किया गया है।
श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका (Dasun Shanaka) ने टॉस के बाद कहा कि पिच अच्छी दिख रही है और दूसरी पारी में ओस भी आ सकती है, इसलिए पहले गेंदबाजी करना बेहतर विकल्प है।
कप्तान सलमान आगा का बयान
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा (Salman Ali Agha) ने मैच से पहले कहा कि टीम को एक परफेक्ट गेम खेलना होगा। उन्होंने स्वीकार किया कि वह पहले गेंदबाजी करना चाहते थे, लेकिन अब टीम को अच्छा स्कोर बनाकर श्रीलंका को रोकना होगा।
उन्होंने यह भी माना कि सेमीफाइनल के समीकरण को ध्यान में रखना आसान भी है और मुश्किल भी, लेकिन टीम पूरी कोशिश करेगी कि हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन किया जाए।
सेमीफाइनल के लिए चाहिए बड़ी जीत
पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। यदि टीम पहले बल्लेबाजी करती है और लगभग 160 रन बनाती है, तो उसे करीब 64 रन या उससे ज्यादा के अंतर से जीत हासिल करनी होगी। वहीं लक्ष्य का पीछा करते समय उसे बहुत कम ओवरों में मैच खत्म करना पड़ेगा।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की नजर भी इस मैच पर टिकी हुई है क्योंकि पाकिस्तान की हार या छोटी जीत की स्थिति में न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच सकता है।
PKA vs SL: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सलमान आगा, ख्वाजा नाफे, उस्मान खान, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद, उस्मान तारिक
श्रीलंका: पथुम निसंका, कामिल मिशारा, चरिथ असलंका, पवन रथनायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका, जनिथ लियानगे, दुनिथ वेलालागे, महीश तीक्षणा, दुश्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका
पल्लेकेले स्टेडियम की अपडेटेड पिच रिपोर्ट
पल्लेकेले की पिच इस टूर्नामेंट में ज्यादा हाई स्कोरिंग नहीं रही है। यहां गेंदबाजों, खासकर तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिलती है और बल्लेबाजों को सेट होने में समय लगता है। नई गेंद से उछाल और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकता है, जबकि बीच के ओवरों में स्पिनरों की भूमिका अहम रहती है।
दूसरी पारी में ओस पड़ने की संभावना रहती है, जिससे बल्लेबाजी थोड़ी आसान हो सकती है। यही कारण है कि कप्तानों ने यहां अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद किया है। 160 के आसपास का स्कोर इस मैदान पर प्रतिस्पर्धी माना जाता है, लेकिन पाकिस्तान को अपने सेमीफाइनल समीकरण के लिए इससे काफी ज्यादा या फिर बहुत कसी हुई गेंदबाजी करनी होगी।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

