आईपीएल 2026 से पहले भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है। बेहतर फिटनेस और परफॉरमेंस के लिए चहल ने पिछले छह महीनों से इस चीज से दूरी बना रखी है। उन्होंने यह बात एबी डिविलियर्स के साथ बातचीत के दौरान साझा की। इस सीजन वह पंजाब किंग्स के लिए जलवा दिखाते हुए नजर आएंगे।
चहल ने छोड़ा शराब पीना
आईपीएल 2025 में चहल का प्रदर्शन ठीक रहा था। यूजी ने खेले 14 मैचों में 16 विकेट लेकर टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में पंजाब किंग्स को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। अब उनका लक्ष्य टीम को चैंपियन बनाना है।
चहल ने एबी डिविलयर्स के साथ इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने शराब पीना पूरी तरह छोड़ दिया है और इसे छह महीने से ज्यादा हो चुके हैं। 35 साल की उम्र में वह खुद को और ज्यादा फिट और एक्टिव रखना चाहते हैं, ताकि टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकें।
चोट की वजह से आईपीएल 2025 फाइनल में नहीं कर पाए थे अच्छा प्रदर्शन
उनका मानना है कि एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर उन्हें दूसरों के लिए उदाहरण बनना चाहिए। इसी सोच के चलते उन्होंने यह फैसला लिया। फिटनेस को लेकर चहल ने पिछले सीजन की चुनौतियों का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के बाद उनकी पसली में फ्रैक्चर हो गया था, और बाद में उंगली में भी चोट लगी। इन चोटों की वजह से वह सेमीफाइनल और फाइनल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे। इस बार वह अपने शरीर का खास ध्यान रखना चाहते हैं।
आईपीएल 2026 होगा चहल के लिए अहम
आईपीएल 2026 चहल के लिए काफी अहम होने वाला है, क्योंकि वह इसे टीम इंडिया में वापसी के मौके के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार 2023 में भारतीय टीम के लिए खेला था और तब से टीम से बाहर हैं। अब नई सोच और बेहतर फिटनेस के साथ वह फिर से अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।

