रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया और 18 रनों से जीत हासिल की।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराया। दोनों टीमों ने इस मैच में आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन अंत में RCB ने मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
इस मुकाबले में कुल 460 से ज्यादा रन बने और फैंस को चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली। RCB के बल्लेबाजों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया, जबकि मुंबई ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अंत तक लड़ाई लड़ी, लेकिन जीत से थोड़ा दूर रह गई।
RCB ने वानखेड़े में 240 रन ठोककर मुंबई को दिया बड़ा टारगेट
12 अप्रैल 2026 को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 240/4 का बड़ा स्कोर बनाया। इस पारी में उनकी शुरुआत काफी तेज रही और पॉवरप्ले में ही 71 रन जुड़ गए।
इस मैच में फिल साल्ट ने 36 गेंदों पर 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके साथ विराट कोहली ने 38 गेंदों पर 50 रन बनाकर शानदार साझेदारी निभाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 120 रनों की बड़ी साझेदारी हुई, जिसने मैच की नींव रख दी।
बीच के ओवरों में कप्तान रजत पाटीदार ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों पर 53 रन ठोक दिए और 17 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। इसके बाद आखिरी ओवरों में टिम डेविड ने 16 गेंदों पर 34* रन बनाकर टीम को 240/4 के रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचा दिया।
मुंबई इंडियंस ने की अच्छी शुरुआत, लेकिन बीच में छूटा मैच
241 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने भी तेज शुरुआत की। रयान रिकेल्टन ने 22 गेंदों पर 37 रन बनाए, जबकि रोहित शर्मा 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। पॉवरप्ले में टीम ने 60 से ज्यादा रन बना लिए थे और मैच में बनी हुई थी।
इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों पर 33 रन बनाए, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। तिलक वर्मा भी जल्दी आउट हो गए और रन गति पर असर पड़ा।
बीच के ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 22 गेंदों पर 40 रन बनाकर मैच को जिंदा रखा, लेकिन दूसरे छोर से सपोर्ट नहीं मिला। हालांकि, अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों पर नाबाद 71 रनों की तूफानी पारी खेली और आखिरी ओवरों में मैच को करीब ले आए।
RCB के गेंदबाजों ने सही समय पर लिए विकेट
RCB के गेंदबाजों ने इस हाई स्कोरिंग मैच में भी अहम मौकों पर विकेट लेकर मैच को कंट्रोल में रखा। क्रुणाल पांड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 26 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि सुयश शर्मा ने 4 ओवरों में 47 रन देकर 2 विकेट झटके।
इसके अलावा रसिख सलाम ने 2.5 ओवर में 23 रन देकर 1 विकेट लिया और बीच के ओवरों में मुंबई की रन गति पर ब्रेक लगाया। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 38 रन दिए, जबकि जैकब डफी ने 4 ओवर में 58 रन देकर 1 विकेट लिया।
मुंबई को आखिरी 3 ओवरों में बड़े रन चाहिए थे, लेकिन RCB के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और मैच को अपने पक्ष में ही रखा। आखिरकार मुंबई इंडियंस 20 ओवरों में 222/5 तक ही पहुंच सकी और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 रनों से यह मुकाबला जीत लिया।
RCB ने जीत हासिल करके पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर किया
इस जीत के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 4 मैचों में 3 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में 6 अंकों और +1.148 के नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर आ गई है। अब उन्हें अपना अगला मुकाबला 15 अप्रैल को लखनऊ के खिलाफ बेंगलुरु में खेलना है, जहां वह अपना विनिंग मोमेंटम बरकरार रखना चाहेंगे।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस को इस सीजन लगातार तीसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। अब वह 4 मैचों बाद 2 अंकों और -0.772 के नेट रन रेट के साथ आठवें स्थान पर आ गई है। अब उन्हें अपना अगला मुकाबला 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ वानखेड़े में ही खेलना है, जहां वह जीत हासिल करके टूर्नामेंट में अपनी वापसी करना चाहेंगे।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

