पंजाब किंग्स ने 265 रनों का टारगेट चेज कर इतिहास रच दिया।
दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया आईपीएल 2026 का 35वां मुकाबला पूरी तरह बल्लेबाजों के नाम रहा, जहां कई रिकॉर्ड टूटे और एक नया इतिहास भी बना। इस मुकाबले में 264/2 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा करने के बावजूद दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा और पंजाब ने 6 विकेट से आसान जीत हासिल कर लिया।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने मजबूत शुरुआत के बाद बड़ा स्कोर बनाया, लेकिन दूसरी पारी में पंजाब की आक्रामक बल्लेबाजी ने पूरे मैच का रुख पलट दिया।
केएल राहुल और नीतिश राणा ने खड़ा किया पहाड़ जैसा स्कोर
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत तेज रही, लेकिन असली कहानी दूसरे विकेट की साझेदारी में देखने को मिली। केएल राहुल ने ऐतिहासिक पारी खेलते हुए 67 गेंदों पर नाबाद 152 रन बनाए, जो आईपीएल इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी रही। उन्होंने अपनी इस पारी में 16 चौके और 9 छक्के भी लगाए।
दूसरी तरफ नीतिश राणा ने 44 गेंदों पर 91 रन ठोक दिए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 220 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जो आईपीएल इतिहास में किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। इस पार्टनरशिप की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवरों में मात्र 2 विकेट खोकर 264 रन बना दिए, जो आईपीएल इतिहास में उनका सबसे बड़ा टोटल भी रहा।
पावरप्ले में ही पंजाब किंग्स ने पलट दिया मैच
265 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई। उन्होंने पावरप्ले के 6 ओवरों में बिना विकेट गंवाए 116 रन बना दिए, जिसने मैच को पूरी तरह बदल दिया।
प्रियांश आर्य ने 17 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ 26 गेंदों में 76 रनों की विस्फोटक पारी खेली। दोनों के बीच तेज साझेदारी ने दिल्ली के गेंदबाजों को बैकफुट पर ला दिया।
श्रेयस अय्यर ने खत्म किया मुकाबला
बीच ओवरों में जब थोड़ा दबाव बन सकता था, तब कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।
अंत में नेहाल वढेरा और शशांक सिंह ने अंत में तेजी से रन जोड़ते हुए मैच खत्म किया और पंजाब ने 18.5 ओवरों में 265 रन बनाकर 6 विकेट से जीत दर्ज की। यह आईपीएल इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा रन चेज भी है।
दिल्ली की गेंदबाजी रही पूरी तरह फ्लॉप
264/2 जैसा बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी इस मैच में पूरी तरह बेअसर रही। कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज लगातार रन लुटाते रहे। इस मुकाबले में दिल्ली का कोई भी गेंदबाज रन रोकने में सफल नहीं हुआ, जिसका पंजाब के बल्लेबाजों ने पूरी तरह फायदा उठाया।
पंजाब किंग्स ने अजेय रथ रखा बरकरार
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में अपना अजेय रथ बरकरार रखा। वह अब तक 7 मुकाबले खेल चुकी है, जिसमें उन्हें 6 मैचों में जीत मिली है, जबकि एक नो रिजल्ट रहा है। PBKS अब 13 अंक और +1.333 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है।
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन 7 मैचों में चौथी बार हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते वह 6 अंकों और -0.184 के नेट रन रेट के साथ छठे स्थान पर है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

