लगातार दो हार झेलकर आ रही राजस्थान रॉयल्स न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स का अजेय रथ रोकना चाहेगी।
पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स (PBKS vs RR) के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेला जाने वाला आईपीएल 2026 का 40वां मुकाबला सिर्फ एक मैच ही नहीं, बल्कि दो अलग-अलग फॉर्म में चल रही टीमों की जंग है। इस मुकाबले में एक तरफ श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स (PBKS) है, जिसे इस सीजन में अब तक कोई भी टीम हरा नहीं पाई है।
जबकि दूसरी तरफ रियान पराग की राजस्थान रॉयल्स (RR) है, जो इस सीजन बेहतरीन शुरुआत के बाद अचानक पटरी से उतर गई है और पिछले 4 में से 3 मुकाबले हार चुकी है। हालांकि, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड देखें तो उसमें राजस्थान 17-13 से आगे है।
यह भी पढ़ें: पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स हेड टू हेड रिकॉर्ड, IPL में किस टीम का पलड़ा रहा है भारी
हालांकि, साल 2022 से दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है, जहाँ राजस्थान 4-3 से मामूली बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा न्यू चंडीगढ़ के इस मैदान पर भी उन्होंने मेजबान पंजाब को अब तक दोनों ही बार मात दी है, लेकिन आज रात के मुकाबले में उन्हें कुछ अलग ही करना होगा।
न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स का ‘खौफ’ बरकरार
न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर का महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम अब पंजाब किंग्स के लिए अभेद्य किला बन चुका है। उन्होंने इस सीजन अब तक यहाँ अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। इन मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 212 रन रहा है, जिसका सीधा मतलब है कि आज रात गेंदबाजों की जमकर कुटाई होने वाली है।
ऐसी स्थिति में राजस्थान के कप्तान रियान पराग के लिए सबसे बड़ी चिंता अपनी टीम की लय वापस पाना है। रियान को उम्मीद है कि न्यू चंडीगढ़ की नई मिट्टी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम जितनी बल्लेबाजों के लिए मेहरबान नहीं होगी, जहाँ पंजाब ने शनिवार को ही दिल्ली के खिलाफ 265 रनों के रिकॉर्ड टारगेट को आसानी से चेज किया था।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: PBKS vs RR मैच आज, जानें पिच रिपोर्ट, मौसम का हाल और अन्य जानकारी
जायसवाल-सूर्यवंशी बनाम पंजाब किंग्स का बॉलिंग अटैक
राजस्थान की उम्मीदें एक बार फिर यशस्वी जायसवाल और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं। इन दोनों को आज पंजाब के उस बॉलिंग अटैक का सामना करना है, जिसका इस सीजन पॉवरप्ले में प्रदर्शन सबसे खराब रहा है। आँकड़े बताते हैं कि पंजाब ने इस सीजन शुरुआती 6 ओवरों में 52.25 के खराब औसत से सिर्फ 8 विकेट लिए हैं और इस बीच उन्होंने 10.53 की महंगी इकोनॉमी से रन भी लुटाए हैं।
हालांकि, यदि मार्कस स्टोइनिस इस मुकाबले में गेंदबाजी करते हैं तो वह यशस्वी जायसवाल के लिए सबसे बड़ी चुनौती होंगे, क्योंकि स्टोइनिस ने अपने टी20 करियर में उन्हें मात्र 33 गेंदों में 3 बार आउट किया है।
दूसरी तरफ, राजस्थान की ताकत उनके तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर हैं, जिनका काम पंजाब के सबसे विस्फोटक सलामी बल्लेबाजों (प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य) को रोकना होगा, जिन्होंने इस सीजन 14.9 रन प्रति ओवर की रन-रेट से 323 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप कर टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाया हुआ है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
मिडिल ऑर्डर है राजस्थान रॉयल्स की सबसे बड़ी टेंशन
राजस्थान के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द खुद कप्तान रियान पराग और शिमरॉन हेटमायर की फॉर्म है, जो पॉवरप्ले की तेज शुरुआत के बाद लय बरकरार रखने में नाकाम रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था, जहां टीम वैभव सूर्यवंशी द्वारा दिए गए आक्रामक शुरुआत के बाद 250 के स्कोर तक पहुंच सकते थे, लेकिन वह 228 रनों तक ही पहुंच सके।
अजेय रहने के बावजूद फील्डिंग बनी पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी सिरदर्द
इस सीजन पंजाब की फील्डिंग उनका एक बड़ा कमजोर पक्ष है, जिस पर उन्हें अजेय रहने के बावजूद ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने इस सीजन किसी अन्य टीम के मुकाबले सबसे ज्यादा 12 कैच टपकाए हैं और उनकी कैचिंग एफिशिएंसी मात्र 70% रही है (जो दिल्ली के बाद दूसरी सबसे खराब है)।
इसके विपरीत, राजस्थान रॉयल्स की फील्डिंग काफी चुस्त है, जिन्होंने केवल 6 कैच छोड़े हैं और 87.5% की कैचिंग सक्सेस रेट के साथ आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
यह भी पढ़ें: PBKS vs RR Playing XI: आज कौन खेलेगा, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
कैसे रूक सकता है पंजाब किंग्स का अजेय रथ?
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने इस सीजन अब तक पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा 20 विकेट लिए हैं। उनका औसत (22.0) इस सीजन सबसे बेहतर है, जो उनके लिए सबसे सकारात्मक चीज है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स इस सीजन की इकलौती ऐसी टीम है, जो शुरु से अब तक बिना किसी बदलाव के खेली है, इसीलिए उनकी स्थिरता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
लेकिन, अगर जायसवाल और सूर्यवंशी पॉवरप्ले का अच्छा फायदा उठाते हैं और राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज पंजाब के टॉप 4 बल्लेबाजों को सस्ते में समेट देते हैं, तो आज रात न्यू चंडीगढ़ में पंजाब का अजेय रथ रुक सकता है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

