आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 को शुरू होने में अब ज्यादा दिन का समय नहीं है। जून में इसका आगाज़ होने जा रहा है। इस बड़े टूर्नामेंट से पहले मेजबान इंग्लैंड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। तो चलिए जानते हैं कि इस टूर्नामेंट के लिए किन खिलाड़ियों को मौका मिला है।
नैट साइवर ब्रंट संभालेगी टी20 वर्ल्ड कप में कमान
बता दें कि इंग्लिश टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी ऑलराउंडर नैट साइवर-ब्रंट के हाथों में होगी। यह उनका सातवां T20 वर्ल्ड कप होगा, ऐसे में उनका अनुभव इंग्लैंड के लिए काफी अहम साबित हो सकता है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से एजबेस्टन में होगी, जहां इंग्लैंड अपने अभियान का आगाज श्रीलंका के खिलाफ करेगी।
18 वर्षीय टिली कोर्टीन-कोलमैन को मिली जगह
इस बार इंग्लैंड की टीम में सबसे ज्यादा चर्चा 18 साल की युवा स्पिनर टिली कोर्टीन-कोलमैन की हो रही है, जिन्हें पहली बार वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल किया गया है। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही अपनी गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा है।
हाल ही में ‘द हंड्रेड’ में उन्होंने 9 मैचों में 11 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया, वहीं उनका इकॉनमी रेट भी काफी शानदार रहा। सदर्न ब्रेव को फाइनल तक ले जाने में भी उनका बड़ा योगदान रहा। इसके अलावा घरेलू वनडे क्रिकेट में भी उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए 7 पारियों में 10 विकेट झटके हैं। इसको देखते हुए उन्हें टीम में मौका दिया गया है।
इस्सी वोंग और लॉरेन फाइलर को भी मिली टीम में जगह
युवा खिलाड़ियों की बात करें तो इस्सी वोंग और लॉरेन फाइलर को भी पहली बार टी20 वर्ल्ड कप टीम में मौका मिला है। वहीं अनुभवी बल्लेबाज डैनी व्याट-हॉज अपना 8वां वर्ल्ड कप खेलने जा रही हैं और वो घर में इसे जीतना भी चाहेंगी।
चार्ली डीन को बनाया गया उपकप्तान
चार्ली डीन को टीम का उपकप्तान बनाया गया है, जबकि तेज गेंदबाज लॉरेन बेल गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगी। कुल मिलाकर टीम में ऐसे कई ऑलराउंडर मौजूद हैं, जो किसी भी वक्त मैच का रुख पलट सकते हैं।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंग्लैंड की टीम:
नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन (उपकप्तान), सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिन्से स्मिथ, इसी वोंग, डैनी व्याट-हॉज।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

