टी20, क्रिकेट का सबसे तेजी से ग्रो करने वाला फॉर्मेट बन गया है। इसको शुरू हुए अभी दो दशक ही हुए हैं लेकिन बहुत तेजी से पूरी दुनिया ने इसे अपनाया है। हालाँकि शुरुआत में खिलाड़ियों को इसके खेलने का तरीका नहीं पता था लेकिन अब यह काफी तूफानी अंदाज में खेला जाता है। वनडे में बनने वाला स्कोर भी अब इसमें आसानी से टीमें बना रही हैं।
भारतीय टीम ने पिछले कुछ समय में अपने खेलने का तरीका बदला है, जिसके बाद अब नतीजे उनके हक में आते हुए भी दिख रहे हैं। भारत के नए खिलाड़ी न सिर्फ दुनियाभर के खिलाड़ियों से कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं, बल्कि उन्हें पछाड़ भी रहे हैं।
अब मौजूदा टीम में खेलने वाले लगभग सभी खिलाड़ियों का स्ट्राइक रेट 150 के आसपास है। तो चलिए जानते हैं कि किस भारतीय खिलाड़ी का 20 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों के बाद स्ट्राइक रेट सबसे अधिक है।
इन भारतीय खिलाड़ियों का स्ट्राइक रेट है सबसे ज्यादा
5. तिलक वर्मा (Tilak Varma) – 152.26

भारत के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के पास सिचुएशन के हिसाब से खेलने की क्षमता तो है ही और साथ में वो कभी भी गियर चेंज कर सकते हैं। उन्होंने ऐसा करके भी दिखा रखा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले साल के आख़िर में लगातार दो मैचों में ताबड़तोड़ शतक इस बात का सबूत हैं कि वो किस तरह से खेल सकते हैं। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में यह युवा खिलाड़ी 5वें नंबर पर आता है।
तिलक वर्मा का टी20 इंटरनेशनल में 152.26 का स्ट्राइक रेट है। उन्होंने खेले 29 मैचों में 49 की औसत से 839 रन बनाए हैं जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।
4. रिंकू सिंह (Rinku Singh) – 161.06

टीम इंडिया के फिनिशर बल्लेबाज रिंकू सिंह ने जब से आईपीएल में यश दयाल को लगातार 5 छक्के मारे थे, उसके बाद से उनका करियर पूरा बदल गया है। उसके बाद से न सिर्फ उनको दुनिया की सबसे बड़ी लीग में भारी-भरकम रकम देकर रिटेन किया गया बल्कि भारत के लिए डेब्यू करने में भी सफल हुए और अपने टैलेंट को दर्शाया।
हालाँकि अब भारत के पास इतना टैलेंट है कि वो कुछ समय से जगह बनाने में सफल नहीं हो रहे हैं। रिंकू सिंह के टी20 अंतरराष्ट्रीय में स्ट्राइक रेट की बात करें, तो वो 161.06 का है। उन्होंने भारत के लिए 33 मैचों में 42.00 की औसत से 546 रन बनाए और इसके अलावा 3 अर्धशतक भी जड़े थे।
3. यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) – 164.31

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज और भविष्य के सितारे यशस्वी जायसवाल का भारत के लिए टी20 क्रिकेट में तीसरा सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट है। हालांकि उन्हें भी अभी टीम में खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। भारतीय टीम के पास इतना टैलेंट है कि उनके जैसा बेहतरीन खिलाड़ी बैठा हुआ है।
यशस्वी जायसवाल का टी20 इंटरनेशनल में स्ट्राइक रेट 164.31 का है। उन्होंने अपने छोटे से करियर में भारत के लिए 23 मुकाबले खेले हैं जिसमें उनके नाम 36.15 की औसत से 723 रन दर्ज हैं और इसके साथ ही इस युवा बल्लेबाज ने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं।
2. सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) – 166.06

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से हैं। उन्होंने ही भारत के इस फॉर्मेट में खेलने की सोच बदलने में अहम भूमिका निभाई थी। अपने 360° शॉट्स के साथ लगातार कलात्मकता दिखाना उन्हें इस फॉर्मेट का सबसे खास खिलाड़ी बनाता है। उनके पास गैप ढूंढने की कला काफी खास है।
सूर्या ने टी20 इंटरनेशनल में खेले मैचों में 166.06 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव ने भारत के लिए 87 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 38.43 की औसत से 2652 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 4 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं।
1. अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) – 197.21

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों को हैरान करके रख दिया है। पहली गेंद से उनके अटैक करने की क्षमता उन्हें सबसे खास बनाती है। उनकी इस काबिलियत और इंटेंट की वजह से ही टीम को भी फायदा हो रहा है और इसके चलते एक साल के अंदर उनका स्ट्राइक रेट भारत के लिए सबसे ज्यादा हो गया है।
अभिषेक शर्मा ने टी20आई में 197.21 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। यही नहीं, उन्होंने खेले 21 मैचों में 35.40 की औसत से 708 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं।

