बीसीसीआई अब भारतीय क्रिकेट में बढ़ते ‘गर्लफ्रेंड कल्चर’ को लेकर सख्ती के मूड में नजर आ रहा है। बोर्ड जल्द ही इस पर कड़े नियम लागू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि खिलाड़ियों का ध्यान भटकने से रोका जा सक।
IPL 2026 के दौरान कई खिलाड़ी अपनी गर्लफ्रेंड्स के साथ समय बिताते दिखे चाहे ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल इतना ही नहीं, इनकी देखादेखी कुछ कम चर्चित खिलाड़ी भी अपनी गर्लफ्रेंड्स के साथ नजर आए। बोर्ड की सबसे बड़ी चिंता उन मामलों को लेकर है, जहां गर्लफ्रेंड्स खिलाड़ियों के साथ स्टेडियम, टीम बस और यहां तक कि टीम होटल तक मौजूद रहती हैं।
गर्लफ्रेंड कल्चर से जुड़ा नियम होगा सख्त
बीसीसीआई अब ‘गर्लफ्रेंड कल्चर’ को लेकर नियम सख्त करने की तैयारी में है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खिलाड़ियों की गर्लफ्रेंड्स से जुड़े मुद्दों पर नए नियम बनाने को लेकर चर्चा चल रही है और इस पर अगली बैठक में विस्तार से बात होगी।
अधिकारी ने यह भी साफ किया कि खिलाड़ियों के साथ उनके परिवार या पत्नी के होटल में रुकने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन गर्लफ्रेंड के मामले में बोर्ड थोड़ा ज्यादा सतर्क और गंभीर रुख अपनाना चाहता है।
BCCI क्यों है नए नियम लाने को बेचैन?
बीसीसीआई (BCCI ) की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि IPL खेल रहे कुछ खिलाड़ियों की गर्लफ्रेंड्स का नाम पहले सट्टेबाजी से जुड़ी वेबसाइट्स के प्रमोशन से जुड़ चुका है। हाल ही में कुछ मामलों में खिलाड़ियों पर उनकी महिला मित्रों द्वारा केस दर्ज किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं।
इन्हीं कारणों से बीसीसीआई अब इस मुद्दे को लेकर और ज्यादा सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है और ‘गर्लफ्रेंड कल्चर’ पर नए, कड़े नियम लाने पर विचार कर रहा है। बोर्ड के एक अधिकारी के मुताबिक, पहले IPL के दौरान खिलाड़ियों की गर्लफ्रेंड्स को टीम होटल में ठहरने की अनुमति नहीं होती थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं और यह एक आम ट्रेंड बन चुका है।
ये जानने के बाद BCCI और हरकत में आई
रिपोर्ट में बीसीसीआई के एक अधिकारी ने आगे बताया कि उन्होंने IPL की एंटी-करप्शन यूनिट के एक अधिकारी से खिलाड़ियों की गर्लफ्रेंड्स को टीम होटल में साथ रखने को लेकर बात की। जवाब सुनकर वे खुद हैरान रह गए।
अधिकारी के मुताबिक, एंटी-करप्शन यूनिट ने कहा कि खिलाड़ियों की पत्नियों और “ऑफिशियली अनाउंस्ड” गर्लफ्रेंड्स को साथ ठहरने की अनुमति दी जाती है। इस पर बीसीसीआई अधिकारी ने सवाल उठाया कि आखिर “ऑफिशियली अनाउंस्ड गर्लफ्रेंड” जैसा कोई नियम आया कहां से? जवाब में एंटी-करप्शन यूनिट के अधिकारी ने कहा कि वे तो बस इसी तरह से काम करते आ रहे हैं।
नया नियम आते ही खिलाड़ियों पर पड़ेगा असर
साफ है कि ये जानकारी सामने आने के बाद बीसीसीआई अब खिलाड़ियों के साथ गर्लफ्रेंड्स के ठहरने को लेकर जल्द ही सख्त नियम लागू कर सकता है। बोर्ड को आशंका है कि अगर इस पर नियंत्रण नहीं रखा गया तो आगे चलकर कोई बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए यह नया नियम अगले IPL सीजन से ही लागू किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो इस सीजन अपनी गर्लफ्रेंड्स के साथ नजर आए खिलाड़ी जैसे हार्दिक पांड्या, ईशान किशन, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल को अगले सीजन में ऐसी छूट शायद न मिल पाए।

