आईपीएल 2026 को लेकर लगातार फ्रैंचाइज़ी तैयारी में जुटी हुई हैं। नीलामी के लिए लगभग 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया था, लेकिन उनमें से सिर्फ 350 प्लेयर्स को ही शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिसकी लिस्ट भी कल जारी कर दी गई थी। हालाँकि अब कुछ टीमों ने और खिलाड़ियों में दिलचस्पी दिखाई है, जिसके चलते उनका नाम भी ऐड किया गया है।
आईपीएल 2026 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबूधाबी में होना है। तो चलिए जानते हैं कि किन खिलाड़ियों को 2026 में होने वाले ऑक्शन के लिए शामिल किया गया है।
IPL ऑक्शन में शॉर्टलिस्ट होने वाले खिलाड़ियों की संख्या 359 हुई

आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में 9 और नए खिलाड़ियों का नाम जोड़ा गया है और अब यह लिस्ट 359 पहुँच गई है। इस लिस्ट में घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जगह दी गई है। घरेलू क्रिकेट का टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेला जा रहा है और उसमें जो भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, वह फ्रैंचाइज़ी के रडार में है।
मणिशंकर मुरासिंह का नाम भी हुआ ऑक्शन में शामिल
आईपीएल ऑक्शन के लिए जिन खिलाड़ियों को ऐड किया गया है, उनमें त्रिपुरा के दिग्गज ऑलराउंडर मणिशंकर मुरासिंह और पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहे स्वस्तिक चिकारा का नाम शामिल है। मणिशंकर का नाम शॉर्टलिस्ट होना इस बात का भी संकेत है कि अगर खिलाड़ी में टैलेंट हो तो वह भले ही बड़े स्टेट से न खेल रहा हो, तब भी वह अपना नाम बना सकता है। वह लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार धमाल मचा रहे थे, लेकिन वह त्रिपुरा से खेलते हैं इसलिए उनके नाम की चर्चा ज्यादा नहीं होती थी।
झारखंड के बल्लेबाज विराट सिंह का नाम भी इस नीलामी में शामिल किया गया है। इसके अलावा मलेशिया के विराटदीप सिंह को भी जगह मिली है। वह इस ऑक्शन में एसोसिएट देश से शामिल होने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं।
चामा मिलिंद और विराट सिंह को भी किया गया शामिल
हैदराबाद के धाकड़ तेज गेंदबाज चामा मिलिंद पिछले कई सालों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अब उन्हें भी ऑक्शन में शामिल किया गया है।
इनके अलावा जिन खिलाड़ियों को प्लेयर लिस्ट में जोड़ा गया है, उनमें कर्नाटक के के.एल. श्रीजित, झारखंड के विराट सिंह, उत्तराखंड के राहुल राज नमाला, साउथ अफ्रीका के इथन बॉश और ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑलराउंडर क्रिस ग्रीन का नाम शामिल है।
IPL 2026 ऑक्शन प्लेयर लिस्ट में शामिल नए खिलाड़ी
मणिसंकर मुरासिंह (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)
स्वस्तिक चिकारा (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)
विराटदीप सिंह (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)
इथन बॉश (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)
क्रिस ग्रीन (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)
के.एल. श्रीजित (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)
विराट सिंह (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)
राहुल राज नमाला (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)
चामा मिलिंद (बेस प्राइस: 30 लाख रुपये)

