भारतीय क्रिकेट के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने IPL करियर को अलविदा कह दिया है। अपने 39वें जन्मदिन से कुछ हफ्ते पहले ही उन्होंने यह ऐलान किया कि वह अगले सीजन से नहीं खेलेंगे। 17 सीज़न लंबे सफर में अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, किंग्स इलेवन पंजाब, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों का हिस्सा रहते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
अश्विन ने 2009 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और 2015 तक इस टीम का हिस्सा रहे। CSK पर बैन लगने के बाद वह 2016 में राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स का हिस्सा बने।
हालाँकि, 2018 में जब सीएसके ने दोबारा वापसी की तो मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें रिटेन नहीं किया और वह किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) द्वारा खरीदे गए। वह दो सीजन इस टीम के कप्तान रहे, लेकिन 2020 में वह दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हो गए। इस टीम के साथ दो सीजन बिताने के बाद वह 2022 के मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स द्वारा खरीदे गए।
2025 के आईपीएल मेगा ऑक्शन से ठीक पहले रॉयल्स ने भी उन्हें रिलीज कर दिया, लेकिन सीएसके ने उन्हें उनके आईपीएल करियर की सबसे बड़ी कीमत पर खरीदा। हालाँकि, यह सीजन अश्विन और टीम दोनों के लिए अच्छा नहीं रहा। इसके बाद अब आईपीएल 2026 के ट्रेडिंग विंडो से पहले ही उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी।
रविचंद्रन अश्विन ने अपने 17 सीजन के लम्बे करियर में कई मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया और कुछ उपलब्धियां भी अपने नाम की है। यहाँ हम आपको अश्विन के IPL करियर से जुड़े उन 5 खास लेकिन कम चर्चित रिकॉर्ड्स की जानकारी देने जा रहे हैं, जो उन्हें यादगार बनाते हैं।
रविचंद्रन अश्विन के आईपीएल करियर के 5 अनोखे रिकॉर्ड्स
1. सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले सातवें खिलाड़ी
अश्विन ने अपने IPL करियर में 221 मुकाबले खेले हैं, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। वह सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में सातवें स्थान पर आते हैं। आईपीएल में उनसे ज्यादा ज्यादा मैच सिर्फ एमएस धोनी, रोहित शर्मा, विराट कोहली, दिनेश कार्तिक, रविंद्र जडेजा और शिखर धवन ने खेले हैं।
2. IPL इतिहास में पांचवें सबसे ज्यादा विकेट
अश्विन ने अपने IPL करियर में 187 विकेट झटके हैं और सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर हैं। इस लिस्ट में उनसे ऊपर युजवेंद्र चहल (221), भुवनेश्वर कुमार (198), सुनील नारायण (192) और पीयूष चावला (192) जैसे दिग्गज गेंदबाज हैं।
3. बतौर भारतीय ऑफ स्पिनर आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट
IPL में अश्विन ने किसी भी भारतीय ऑफ स्पिनर से सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। इस मामले में उनसे आगे जो स्पिनर हैं, वे ज्यादातर लेग स्पिनर हैं। हालाँकि, विदेशी स्पिनर सुनील नारायण आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑफ स्पिनर हैं।
4. बिना पांच विकेट के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
217 पारियों में गेंदबाजी करने के बावजूद अश्विन को कभी पांच विकेट हॉल नहीं मिला। उन्होंने सिर्फ एक बार चार विकेट झटके। इसके साथ वह बिना पांच विकेट हॉल लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज हैं। उनके जैसे ही पीयूष चावला भी कभी पांच विकेट लेने का कारनामा नहीं कर सके हैं, जिनके नाम 192 विकेट दर्ज हैं। वह इस मामले में पहले स्थान पर हैं।
5. एक सीज़न में 20 विकेट
2011 का IPL सीज़न अश्विन के लिए सबसे बेहतरीन रहा। उस साल उन्होंने 20 विकेट लिए और चेन्नई सुपर किंग्स को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने RCB के खिलाफ फाइनल में 3 विकेट लेकर टीम की जीत की नींव भी रखी थी। अब तक आईपीएल इतिहास में सिर्फ 9 ही खिलाड़ी एक सीजन में 20 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं, जिसमें अश्विन का नाम भी शामिल हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

