राजस्थान रॉयल्स ने 13वें मैच में मुंबई इंडियंस को हराकर लगातार तीसरे मुकाबले में जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ वो पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर भी पहुंच गई हैं।
आईपीएल 2026 के 13वें मैच में गुवाहाटी में बारिश की वजह से मुकबला 22.10 बजे से खेला गया । मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज़ शुरुआत करते हुए धमाकेदार प्रदर्शन दिखाया है।
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने दिलाई राजस्थान को धमाकेदार शुरूआत
गुवाहाटी में बारिश के बाद राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस का मैच थोड़ा लेट शुरू हुआ और इसे 11-11 ओवर का कर दिया गया। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 3 विकेट खोकर 150 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने सिर्फ 32 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 77 रन की धमाकेदार पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 1 चौका और 5 छक्के लगाकर 39 रन जोड़े, वहीं कप्तान रियान पराग ने 20 रन अपने नाम किए।
रन चीज में मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी रही फ्लॉप
151 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत काफी कमजोर रही। पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने रयान रिकल्टन को पवेलियन भेज दिया। दूसरे ओवर में नाद्रे बर्गर ने सूर्यकुमार यादव को आउट किया। तीसरे ओवर में पारी संभालने आए रोहित शर्मा को संदीप शर्मा ने आईपीएल में छठी बार पवेलियन की राह दिखाई। तीसरे ओवर के अंत तक मुंबई का स्कोर 22 रन पर 3 विकेट रह गया।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत बिल्कुल खराब रही। टीम ने सिर्फ 46 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड और नमन धीर ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन राजस्थान के गेंदबाजों ने कड़ी मेहनत करते हुए मुंबई पर दबाव बनाए रखा। 9 ओवर में मुंबई 103 रन पर 7 विकेट खो चुकी थी, और अगले दो ओवर में भी विकेट गिरते रहे। 11 ओवर पूरे होने तक मुंबई की टीम 9 विकेट गंवा कर सिर्फ 123 रन ही बना सकी। इस तरह राजस्थान रॉयल्स ने यह मुकाबला 27 रनों से जीत लिया।
राजस्थान रॉयल्स की तरफ से नांद्र बर्गर, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने एक-एक विकेट लिया।

