Sanju Samson Recalls Special Moment With MS Dhoni: भारतीय क्रिकेट के महानतम कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी के साथ समय बिताना और उनसे खेल की बारीकियां सीखना हर युवा क्रिकेटर का सपना होता है। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
संजू सैमसन और धोनी दोनों विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं, जो दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। ऐसे में संजू का धोनी से प्रभावित होना स्वाभाविक है। हालांकि, उन्हें धोनी के साथ अपनी बॉन्डिंग बनाने में छह साल का समय लग गया।
शारजाह में खेले गए IPL 2020 के एक मैच ने संजू और धोनी के रिश्ते को किया मजबूत
IPL 2025 से पहले जियोहॉटस्टार को दिए इंटरव्यू में संजू सैमसन ने बताया कि किस तरह IPL 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शारजाह में खेले गए मैच ने उनके और धोनी के बीच की दूरी को खत्म कर दिया।
सैमसन ने कहा, “मुझे याद है कि शारजाह में चेन्नई के खिलाफ एक मैच था, जहां मैंने 70-80 रन बनाए, टीम को जीत दिलाई और मैन ऑफ द मैच बना। उसके बाद मैंने माही भाई से मुलाकात की और तभी से हमारा रिश्ता मजबूत होता गया।”
यह मुकाबला IPL 2020 के दौरान शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था, जहां धोनी ने राजस्थान रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। संजू सैमसन ने तब कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 56 गेंदों पर 121 रनों की साझेदारी की थी।
संजू ने उस मैच में सिर्फ 32 गेंदों पर 74 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी, जिसमें एक चौका और नौ गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की स्ट्राइक रेट 231.25 की रही थी। यह संजू का IPL में 11वां अर्धशतक था और इस प्रदर्शन ने उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिलाया।
धोनी के साथ सैमसन की बढ़ती बॉन्डिंग
संजू सैमसन ने अपने इंटरव्यू में बताया कि इस मुकाबले के बाद से ही धोनी के साथ उनका रिश्ता गहरा होता गया। IPL 2021 से सैमसन को धोनी के साथ टॉस के लिए मैदान पर उतरने का मौका मिलने लगा। इसके अलावा, दोनों कई विज्ञापनों और प्रमोशनल इवेंट्स में भी साथ नजर आए।
हाल ही में, ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के प्रमोशनल वीडियो में भी संजू सैमसन और महेंद्र सिंह धोनी को एक साथ देखा गया। संजू ने कहा कि धोनी के साथ बिताया गया हर पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।