अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बहुत से दिग्गज खिलाड़ियों ने अपने खेल से दुनियाभर के खेल प्रेमियों को अपना प्रशंसक बनाया है। वे अपने खेल से लगातार टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाते रहे, जिसके कारण लंबे समय तक अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। तो चलिए जानते हैं कि किन खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज़्यादा मैच खेले हैं।
इन खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज़्यादा मैच खेले
5. रिकी पॉन्टिंग (Ricky Ponting) 560 मैच

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज़ रिकी पॉन्टिंग ने अपने देश के लिए लगभग डेढ़ दशक से ज़्यादा समय तक खेला है। उनकी कप्तानी में टीम ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एकछत्र राज किया था। इस दिग्गज बल्लेबाज़ ने अपने नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया को लगातार दो बार वर्ल्ड कप और दो बार चैंपियंस ट्रॉफी का ख़िताब भी जिताया था। वे न सिर्फ़ बतौर कप्तान सफल थे, बल्कि खिलाड़ी के रूप में हमेशा टीम के प्रति अपना सहयोग देते थे।
रिकी पॉन्टिंग ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपने करियर की शुरुआत 1995 में की थी और 2012 में अपना आखिरी मुकाबला खेला था। उन्होंने इस दौरान अपनी टीम के लिए 560 मैचों में 45.95 की औसत से 27,483 रन बनाने के साथ-साथ 71 शतक और 146 अर्धशतक लगाए थे और इसके अलावा 8 विकेट भी चटकाए थे।
4. सनथ जयसूर्या (Sanath Jaysurya) 586 मैच

श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज़ और मौजूदा कोच सनथ जयसूर्या ने अपने देश के लिए दो दशक से ज़्यादा समय तक खेला है। वे न सिर्फ़ अपनी टीम के, बल्कि दुनिया भर के विस्फोटक बल्लेबाज़ों में शुमार थे। हालांकि, उनकी गेंदबाज़ी उसकी तुलना में अंडररेटेड थी। इस दिग्गज बल्लेबाज़ के दम पर लंका की टीम इकलौता ख़िताब जीतने में सफल हुई थी।
सनथ जयसूर्या ने श्रीलंका के लिए अपना डेब्यू साल 1989 में किया था और 2009 तक वे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलते रहे। बाएं हाथ के इस धाकड़ बल्लेबाज़ ने 586 मैचों में 34.14 की औसत से 21,032 रन बनाए थे, जिसमें 42 शतक और 103 अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने इसके अलावा 440 विकेट भी लिए थे।
3. कुमार संगाकारा (Kumar Sangakara) 594 मैच

श्रीलंका के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज़ कुमार संगाकारा ने भी अपनी टीम के लिए कई साल तक मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी और जयवर्धने की जोड़ी ने श्रीलंका को विश्व क्रिकेट में सफलता दिलाई थी। अपने 15 साल लंबे करियर में इस बाएं हाथ के विकेटकीपर खिलाड़ी ने अपनी टीम का बेड़ा संभाला था।
संगाकारा ने साल 2000 में श्रीलंका के लिए अपना डेब्यू किया था और 2015 में अपने घर में भारत के ख़िलाफ़ आखिरी मुकाबला खेला था। इस बीच उन्होंने 594 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 46.77 की औसत से 28,016 रन बनाने के साथ-साथ 609 कैच और 139 स्टंपिंग की थी। जिसमें 63 शतक और 153 अर्धशतक भी शामिल हैं।
2. महेला जयवर्धने (Mahela Jaywardene) 652 मैच

श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने ने भी अपने 17 साल लंबे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कई यादगार पारियां खेली हैं। उन्होंने इस दौरान कप्तानी की बागडोर भी संभाली और अपनी टीम को फाइनल तक ले गए, जहाँ माइटी ऑस्ट्रेलिया के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा।
महेला जयवर्धने ने साल 1997 में श्रीलंका के लिए डेब्यू किया था और 2015 में ही अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था। उन्होंने 652 मैचों में 39.15 की औसत से 25,957 रन बनाने के साथ-साथ 54 शतक और 136 अर्धशतक भी जड़े थे।
1. सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) 664 मैच

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने अपने 24 साल लंबे करियर में अनगिनत बार टीम इंडिया के लिए यादगार पारियां खेली थीं। जब तक वे खेलते रहे, टीम की बल्लेबाज़ी की बागडोर उनके कंधों पर ही थी। उन्होंने दो दशक से भी ज़्यादा समय तक अपनी टीम और देश की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए खेला।
सचिन ने साल 1989 में अपना डेब्यू किया था और 2013 में अपने होमग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में आखिरी मुकाबला खेला था। इस दिग्गज बल्लेबाज़ ने भारत के लिए 664 मैचों में 48.52 की औसत से 34,457 रन बनाए थे, जिसमें 100 शतक और 164 अर्धशतक लगाने के अलावा गेंदबाज़ी में 201 विकेट भी चटकाए थे।

