PSL 2026 में कराची किंग्स के खिलाफ मैच के आखिरी ओवर से पहले लाहौर कलंदर्स को 5 रन की पेनल्टी मिली थी।
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) में लाहौर कलंदर्स (Lahore Qalandars) और कराची किंग्स (Karachi Kinga) के बीच खेला गया मुकाबला एक बड़े विवाद की वजह से सुर्खियों में आ गया। यह मैच सिर्फ एक करीबी जीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आखिरी ओवर से पहले लिए गए एक फैसले ने पूरे खेल की दिशा ही बदल दी।
इस मुकाबले में लाहौर कलंदर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 128/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में कराची किंग्स ने 19.3 ओवरों में 131/6 बनाकर 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। लेकिन इस मैच की असली कहानी आखिरी ओवर से ठीक पहले हुई घटना रही।
लाहौर कलंदर्स को क्यों मिली 5 रन की पेनल्टी?
जब कराची किंग्स को जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन चाहिए थे, तभी मैदान पर अचानक खेल रुक गया। लाहौर के खिलाड़ी गेंदबाज के रन-अप के पास इकट्ठा हुए और गेंद को हाथ में लेकर कुछ चर्चा करते नजर आए।
अंपायरों को इस पर शक हुआ और उन्होंने तुरंत गेंद की जांच की। कमेंट्री के दौरान भी साफ कहा गया कि गेंद की स्थिति बदली हुई लग रही है। इसके बाद अंपायरों ने यह फैसला लिया कि गेंद के साथ छेड़छाड़ हुई है।
नियम के अनुसार, गेंद की कंडीशन बदलने पर बल्लेबाजी कर रही टीम को 5 रन की पेनल्टी दी जाती है। यही वजह थी कि कराची किंग्स को सीधे 5 रन दे दिए गए और गेंद को भी बदल दिया गया।
कैसा पलटा मैच?
इस फैसले से पहले कराची को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे, लेकिन पेनल्टी मिलने के बाद यह टारगेट घटकर सिर्फ 9 रन रह गया। यही वह मोमेंट था जहां से मैच पूरी तरह कराची की तरफ झुक गया।
आखिरी ओवर में हारिस रऊफ गेंदबाजी कर रहे थे। पहली गेंद पर खुशदिल शाह आउट हुए, लेकिन इसके बाद रऊफ ने एक वाइड डाल दी और फिर अब्बास अफरीदी ने अगली लगातार दो गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर मैच खत्म कर दिया। इस तरह से कराची किंग्स ने 3 गेंद बाकी रहते 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
लाहौर की तरफ से शाहीन शाह अफरीदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज दबाव नहीं बना सके। वहीं कराची के लिए मोहम्मद वसीम ने 38 रन बनाकर पारी संभाली और अंत में अब्बास अफरीदी ने फिनिशिंग टच दिया। गेंदबाजी में कराची के लिए खेल रहे एडम जंपा ने 4 ओवरों में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।
हालांकि, अगर यह 5 रन की पेनल्टी नहीं मिलती, तो आखिरी ओवर में मुकाबला कहीं ज्यादा टाइट हो सकता था। यही वजह है कि यह घटना PSL 2026 के सबसे बड़े विवादों में से एक बन गई है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

