रविवार को चाइना ओपन 2024 (China Open 2024) के फाइनल में वर्ल्ड नंबर 6 अमेरिकी महिला टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ (Coco Gauff) ने यूएस ओपन सेमीफाइनलिस्ट और चेक रिपब्लिक की महिला खिलाड़ी कैरोलिना मुचोवा (Karolina Muchova) को 6-1, 6-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसी के साथ, वह पिछले 14 सालों में यह खिताब जीतने वाले सबसे कम उम्र की महिला खिलाड़ी भी बन गईं।

गॉफ ने मुचोवा के खिलाफ अपने प्रदर्शन में और भी सुधार किया और उनके खिलाफ हेड टू हेड रिकॉर्ड को 3-0 तक बढ़ा दिया। अमेरिकी महिला खिलाड़ी ने चेक रिपब्लिक की महिला खिलाड़ी के खिलाफ सभी मुकाबले स्ट्रेट सेट्स में जीते हैं। इतना ही नहीं, गॉफ ने चाइना ओपन 2024 के फाइनल में जीत हासिल करके फाइनल मुकाबलों में अपने बेहतरीन रिकॉर्ड को 8-1 तक भी सुधारा।
capping off a great tournament with a trophy twirl 💃🏆@CocoGauff | #ChinaOpen pic.twitter.com/XC95WKSTEf
— wta (@WTA) October 6, 2024
बता दें कि, गॉफ ने चाइना ओपन 2024 में खिताबी जीत हासिल करने के साथ अपने करियर का आठवां और इस सीज़न अपना दूसरा होलोजिक डब्ल्यूटीए टूर खिताब जीता है। उन्होंने ऑकलैंड में एएसबी क्लासिक 2024 में अपना खिताब डिफेंड करने के साथ 2024 के सीज़न की शानदार शुरुआत की थी।
चाइना ओपन जीतने वाली दूसरी अमेरिकी महिला खिलाड़ी बनीं Coco Gauff

20 वर्षीय कोको गॉफ चाइना ओपन का खिताब जीतने वाली दूसरी अमेरिकी महिला खिलाड़ी हैं। उनसे पहले पूर्व दिग्गज अमेरिकी सेरेना विलयम्स ने 2004 और 2013 में यह खिताब अपने नाम किया था। यह भी बता दें कि, गॉफ ओपन एरा में अपने पहले सात डब्ल्यूटीए हार्ड-कोर्ट फाइनल जीतने वाली पहली महिला टेनिस खिलाड़ी भी हैं।
गौरतलब हो कि, पिछले साल गर्मियों में सिनसिनाटी ओपन में अपना पहला खिताब जीतने के बाद से अब तक कोको गॉफ ने दो WTA 1000 खिताब जीते हैं। अब वह बियांका एंड्रीस्कू (2019 में इंडियाना वेल्स और टोरंटो) के बाद अपने पहले दो WTA 1000 फाइनल जीतने वाली दूसरी सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी बन चुकी हैं।

बीजिंग में खिताबी प्रदर्शन के चलते गॉफ लगातार तीसरे साल रियाद में होने वाले WTA फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की कगार पर खड़ी हो चुकी हैं। बता दें कि, अमेरिकी महिला खिलाड़ी ने रेस टू द पीआईएफ WTA फाइनल्स में नंबर 6 पर रहकर अक्टूबर के पहले सप्ताह की शुरुआत की थी। हालांकि, चाइना ओपन 2024 के खिताब के साथ, वह यूएस ओपन 2024 की फाइनलिस्ट जेसिका पेगुला और जास्मिन पाओलिनी को पछाड़कर सीजन के अंतिम WTA 1000 इवेंट (वुहान ओपन 2024) के दौरान नंबर 4 पर आ जाएंगी।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा, खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरों पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।