Highest Individual Scores in Test Cricket History: टेस्ट क्रिकेट बल्लेबाज़ी का सबसे मुश्किल और प्रतिष्ठित प्रारूप माना जाता है। इसमें लंबी पारी खेलना न केवल धैर्य की मांग करता है, बल्कि मानसिक और शारीरिक मजबूती की भी परीक्षा लेता है। इस फॉर्मेट में अब तक मात्र सात बल्लेबाज ही ऐसे रहे हैं, जिन्होंने 350 से ज्यादा रनों की पारियाँ खेलने का कारनामा किया है।
हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के वियान मल्डर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 367* रनों की बड़ी पारी खेलकर इतिहास रच दिया। वह ना सिर्फ साउथ अफ्रीका के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी बने, बल्कि वर्ल्ड लेवल पर ओवरऑल लिस्ट में भी पांचवें स्थान पर आ गए।इसी के साथ, इस आर्टिकल में हम आपको टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ी पारियाँ खेलने वाले टॉप 7 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं।
ये हैं टेस्ट क्रिकेट इतिहास की टॉप 7 सबसे बड़ी पारियाँ
7. लेन हटन – 364 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया (1938)
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ लेन हटन ने 1938 में द ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 847 गेंदों में 364 रन बनाए थे। उन्होंने 797 मिनट तक बल्लेबाज़ी की थी और 35 चौके लगाए थे। उस समय यह टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था और कई दशकों तक यह रिकॉर्ड कायम रहा था।
6. गैरी सोबर्स – 365 रन बनाम पाकिस्तान (1958)*
वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स ने 1958 में किंग्स्टन में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 365 रन बनाए थे। यह स्कोर उन्होंने 614 मिनट तक बल्लेबाज़ी कर के बनाया था, जिसमें 38 चौके शामिल थे। यह रिकॉर्ड 36 वर्षों तक टेस्ट क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रहा था।
5. वियान मल्डर – 367* रन बनाम ज़िम्बाब्वे (2025)
दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मल्डर ने जुलाई 2025 में बुलावायो में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 367* रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 334 गेंदों में यह पारी खेली, जिसमें 49 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। यह पारी स्ट्राइक रेट के लिहाज़ से भी बेहद प्रभावशाली रही है, और टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज़ तिहरे शतकों में से एक रही।
यह भी पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट में टॉप 5 सबसे तेज तिहरे शतक, दक्षिण अफ्रीका के वियान मल्डर ने रचा इतिहास
हालाँकि, मल्डर इस पारी में ब्रायन लारा का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते थे, लेकिन उन्होंने 625/5 के स्कोर पर खुद ही टीम की पारी घोषित कर दी। मल्डर इस मैच में दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी कर रहे थे और यह बतौर कप्तान किसी भी खिलाड़ी द्वारा टेस्ट क्रिकेट में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है।
4. महेला जयवर्धने – 374 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका (2006)
श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज़ महेला जयवर्धने ने 2006 में कोलंबो (SSC) में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 572 गेंदों में 374 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 43 चौके और 1 छक्का लगाया था। यह श्रीलंका की ओर से टेस्ट क्रिकेट में खेली गई सबसे बड़ी पारी थी।
3. ब्रायन लारा – 375 रन बनाम इंग्लैंड (1994)
ब्रायन लारा ने इससे पहले 1994 में इंग्लैंड के खिलाफ सेंट जॉन्स में ही 375 रन की शानदार पारी खेली थी। उन्होंने 538 गेंदों का सामना किया था और 45 चौकों की मदद से यह रिकॉर्ड बनाया था। उस समय यह टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी पारी थी, जो लगभग 9 सालों तक अटूट रही थी।
2. मैथ्यू हेडन – 380 रन बनाम ज़िम्बाब्वे (2003)
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन ने 2003 में पर्थ में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 437 गेंदों में 380 रन बनाए थे। उन्होंने 38 चौके और 11 छक्के लगाए थे। इस पारी के साथ उन्होंने लारा के 374 रनों का रिकॉर्ड तोड़ा था और टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए थे।
1. ब्रायन लारा – 400* रन बनाम इंग्लैंड (2004)
वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज़ ब्रायन लारा ने 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ सेंट जॉन्स (एंटीगा) में 582 गेंदों पर नाबाद 400* रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उन्होंने इस पारी में 43 चौके और 4 छक्के लगाए थे। यह टेस्ट क्रिकेट इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है, जिसे आज तक कोई खिलाड़ी पार नहीं कर सका है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

