आईसीसी वीमेंस वर्ल्ड कप का आयोजन इस बार भारत और श्रीलंका में होने वाला है, जिसके लिए सभी टीमें पूरी तैयारी कर चुकी हैं और अब अगले एक महीने उनकी निगाहें सिर्फ इस टूर्नामेंट को जीतने पर होंगी।
इस बार के टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं और पहली बार ऐसा हो रहा है जब वेस्टइंडीज़ की टीम वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में असफल हो गई है। वर्ल्ड कप जैसे इवेंट में पूरी दुनिया की नजर खिलाड़ियों पर होती है, जिसके चलते उनके ऊपर अतिरिक्त दबाव भी होता है, लेकिन यहीं पर नाम बनाने का मौका भी छिपा होता है।
इस बार के मल्टीनेशनल इवेंट में कई टीमें नए कप्तान के साथ आ रही हैं। तो चलिए जानते हैं कि वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 में कौन-कौन कप्तान अपनी टीम को लीड करते हुए दिखाई देंगी।
वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 में ये खिलाड़ी करेंगे कप्तानी
1. भारत (Harmanpreet Kaur)

वीमेंस वर्ल्ड कप की मेज़बान देश भारत की कप्तानी अनुभवी मध्यक्रम की बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर कर रही होंगी। उनके पास बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी करने का अच्छा ख़ासा अनुभव भी है। लेकिन घर में हो रहे टूर्नामेंट में लोगों की उम्मीदों का बोझ उनके कंधों पर होगा।
हालाँकि वर्ल्ड कप जैसे बड़े इवेंट में वो पहली बार टीम इंडिया का नेतृत्व कर रही हैं। यह उनका आखिरी वनडे टूर्नामेंट है, इसलिए वो अपने होम क्राउड के सामने इसे जीतकर ख़त्म करना चाहेंगी।
2. ऑस्ट्रेलिया (Alyssa Healy)

ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर बल्लेबाज एलिसा हेली पहली बार वर्ल्ड कप में कप्तानी करती हुई दिखेंगी। वो इसके पहले टीम की कमान बंदे टूर्नामेंट में संभाल चुकी हैं, लेकिन वर्ल्ड कप जैसे बड़े इवेंट में उन्होंने कप्तानी नहीं की है।
टी20 वर्ल्ड कप में वो कप्तान जरूर थीं, लेकिन टीम ख़िताब जीतने में सफल नहीं हुई थी। उनकी कप्तानी ने इस फॉर्मेट में टीम का प्रदर्शन काफ़ी शानदार रखा है और वो अपना ख़िताब बचा सकती हैं।
3. इंग्लैंड (Nat Sciver Brunt)

इंग्लैंड की धाकड़ खिलाड़ी नेट सिवर ब्रंट भी पहली बार वर्ल्ड कप में कप्तानी कर रही होंगी। उन्होंने इसके पहले बड़े टूर्नामेंट में कभी कप्तानी नहीं की है और यह पहला मौका है जब वो इतने बड़े इवेंट में अपनी टीम की बागडोर संभालते हुए दिखेंगी।
4. न्यूज़ीलैंड (Sophie Devine)

न्यूज़ीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सोफी डिवाइन एक बार फिर से वर्ल्ड कप में अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए दिखाई देंगी। साल 2022 में अपने घर में हुए टूर्नामेंट में टीम सेमीफाइनल तक पहुँचने में भी सफल नहीं हुई थी, लेकिन पिछले साल दुबई में हुए टी20 वर्ल्ड कप में उन्हीं की कप्तानी में टीम ने लंबे समय के बाद ख़िताब जीता था और यह टाइटल जीतकर दोनों आईसीसी ख़िताब अपने नाम करना चाहेंगी।
5. साउथ अफ्रीका (Laura Wolvaardt)

साउथ अफ्रीका की दिग्गज ओपनिंग बल्लेबाज लौरा वोल्फार्ट भी पहली बार वर्ल्ड कप में कप्तानी करते हुए दिखाई देंगी। इसके पहले वो पिछले साल हुए टी20 वर्ल्ड कप में कप्तानी कर चुकी हैं जहाँ उनकी टीम फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन इस बार वो फाइनल स्टेज को पार करके ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेंगी।
6. श्रीलंका (Chamari Atapattu)

श्रीलंका की धाकड़ ओपनिंग बल्लेबाज चमारी अट्टापट्टू की कप्तानी में एक बार फिर से टीम वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुई है। इसके पहले साल 2022 में हुए वर्ल्ड कप में वो क्वालीफाई करने में असफल हो गई थी।
7. बांग्लादेश (Nigar Sultana)

निगर सुल्ताना की कप्तानी में बांग्लादेश की टीम एक बार फिर से वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने में सफल हो गई है। पिछली बार भी उनकी कप्तानी में यह कारनामा किया था। उनके पास बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी करने का अनुभव है और वो इस बार अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगी।
8. पाकिस्तान (Fatima Sana)

वर्ल्ड कप 2025 में पाकिस्तान की कमान ऑलराउंडर फातिमा सना के पास रहेगी। उन्होंने भी बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी कर रखी है, लेकिन वर्ल्ड कप में पहली बार होगा जब वो टीम का नेतृत्व करती हुई दिखाई देंगी।

