पहली बार संभालेंगी WPL में दिल्ली कैपिटल्स टीम की कमान
WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की टीम पहले तीन सीजन में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन अब तक एक भी खिताब नहीं जीत पाई है। चौथे सीजन से पहले हुए ऑक्शन में टीम की कप्तान मेग लैनिंग को यूपी वॉरियर्स ने खरीद लिया। इसके बाद दिल्ली को नए कप्तान की जरूरत पड़ गई है। टीम में अब साउथ अफ्रीका की खिलाड़ी लौरा वोल्वार्ड्ट भी शामिल हैं, जिन्होंने अपनी टीम को विश्व कप 2025 के फाइनल तक पहुंचाया था।
DC की कमान जेमिमा रोड्रिग्स संभालेंगी
जेमिमा रोड्रिग्स दिल्ली कैपिटल्स की नई कप्तान बन सकती हैं। टीम उन्हें यह जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। टीम में अनुभवी खिलाड़ी होने के बावजूद फ्रेंचाइजी जेमिमा पर भरोसा जता रही है। जेमिमा पहले से ही टीम की उपकप्तान रही हैं। ऑक्शन से पहले टीम ने उन्हें अपने साथ बरकरार रखा था। विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन में दिल्ली ने सबसे पहले जेमिमा को ही चुना था। आज टीम नए कप्तान के नाम का ऐलान कर सकती है।
भारतीय कप्तान चाहती है फ्रेंचाइजी
पिछले महीने दिल्ली में हुए डब्ल्यूपीएल 2026 के ऑक्शन के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के को-ओनर पार्थ जिंदल ने जेमिमा रोड्रिग्स को आगे बढ़ाने के संकेत दिए थे। टीम द्वारा लौरा वोल्वार्ड्ट को चुनने के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा था कि टीम को एक भारतीय कप्तान चाहिए। उन्होंने यह भी साफ किया था कि इस फैसले को लेकर टीम पूरी तरह से तय है।
बेहतरीन फॉर्म में चल रही हैं जेमिमा
जेमिमा रोड्रिग्स ने विमेंस प्रीमियर लीग के तीन सीजन में अब तक 27 मैच खेले हैं। उन्होंने 24 पारियों में 507 रन बनाए हैं। उनका औसत 28.16 और स्ट्राइक रेट 140 रहा है। इस समय उनका फॉर्म काफी अच्छा है। महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में उन्होंने नाबाद 127 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई थी। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में भी उन्होंने नाबाद अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई थी।

