भुवनेश्वर कुमार ने CSK के खिलाफ बेंगलुरु में पहला विकेट लेकर आईपीएल में 200 विकेट पूरे किए।
आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेले गए मैच में भुवनेश्वर कुमार ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उन्होंने मैच के दौरान ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट लेते ही अपने आईपीएल करियर में 200 विकेट पूरे कर लिए और एक खास क्लब में अपना नाम दर्ज करा दिया।
भुवनेश्वर कुमार बने आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज
अनुभवी भुवनेश्वर कुमार अब आईपीएल इतिहास में 200 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं, लेकिन वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ स्पिनर युजवेंद्र चहल ने हासिल की थी, जिनके नाम अब तक 224 विकेट हैं और वह इस सूची में पहले पर बने हुए हैं।
बता दें कि, भुवनेश्वर कुमार ने यह उपलब्धि 192 मैचों में हासिल की है, जो उनके लंबे और लगातार प्रदर्शन को दिखाती है। उन्होंने अलग-अलग टीमों के लिए खेलते हुए आईपीएल में अपनी पहचान एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज के रूप में बनाई है।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में भी उन्होंने 3 विकेट हासिल किए, जिससे अब उनके आईपीएल करियर में 202 विकेट दर्ज हो गए हैं। पॉवरप्ले और डेथ ओवर्स में विकेट निकालना उनकी खासियत रही है, जिसने उन्हें इस खास क्लब तक पहुंचाया।
नरेन और बुंमराह भी 200 विकेट के क्लब में शामिल होने से कुछ दूर
इस समय सुनील नरेन आईपीएल इतिहास में 200 विकेट पूरे करने के बेहद करीब हैं। इस समय उनके नाम 193 विकेट हैं और उन्हें इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 7 विकेट चाहिए। अगर नरेन यह उपलब्धि हासिल करते हैं, तो वह 200 विकेट लेने वाले पहले विदेशी गेंदबाज बन जाएंगे।
इसके बाद, यदि तेज गेंदबाजों में देखें तो जसप्रीत बुमराह इस क्लब में शामिल होने के सबसे करीब हैं। उन्होंने अब तक 147 मैचों में 183 विकेट लिए हैं और उन्हें 200 विकेट तक पहुंचने के लिए 17 विकेट की जरूरत है।
आईपीएल में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- युजवेंद्र चहल – 224 विकेट (176 मैच)
- भुवनेश्वर कुमार – 202 विकेट (192 मैच)*
- सुनील नरेन – 193 विकेट (191 मैच)
- पीयूष चावला – 192 विकेट (192 मैच)
- रविचंद्रन अश्विन – 187 विकेट (221 मैच)
- जसप्रीत बुमराह – 183 विकेट (147 मैच)
- ड्वेन ब्रावो – 183 विकेट (161 मैच)
Note: यहाँ दिए गए सभी आंकड़े 05 अप्रैल 2026 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबले तक अपडेटेड हैं।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

