5 Indian Players to Watch Out For in IPL 2025: आईपीएल 2025 का इंतजार खत्म होने वाला है और 22 मार्च से क्रिकेट का यह महाकुंभ शुरू होगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। इस बार कई भारतीय खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। कुछ खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट भारतीय टीम में वापसी का मौका होगा, तो कुछ को अपने प्रदर्शन से आलोचकों का मुंह बंद करना होगा।
इस आर्टिकल में हम उन 5 भारतीय खिलाड़ियों की बात करने जा रहे हैं जिनके प्रदर्शन पर IPL 2025 में सबकी नजरें टिकी होंगी। इन खिलाड़ियों के लिए यह सीजन काफी अहम साबित हो सकता है।
IPL 2025: 5 भारतीय खिलाड़ी जिन पर टिकी रहेगी सभी की नजरें
5. भुवनेश्वर कुमार (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – RCB)
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने इस बार टीम बदली है। वह लंबे समय तक सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रहे लेकिन IPL 2025 में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेलेंगे। पिछले कुछ सालों से भुवी अपनी गति और स्विंग में गिरावट के कारण आलोचकों के निशाने पर रहे हैं। लेकिन अब नई टीम में उनके पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है।
आरसीबी की गेंदबाजी हमेशा से टीम की कमजोरी रही है, ऐसे में भुवनेश्वर का अनुभव टीम के लिए बेहद जरूरी होगा। अगर वह अपनी लय में आ गए तो विराट कोहली की टीम को बड़ा फायदा मिलेगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह इस बार अपने पुराने अंदाज में नजर आते हैं या फिर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
4. केएल राहुल (दिल्ली कैपिटल्स – DC)
केएल राहुल इस बार एक नई टीम का हिस्सा होंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ने के बाद वह अब दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते नजर आएंगे। उनके लिए यह सीजन काफी महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि पिछले कुछ समय से उनका स्ट्राइक रेट चर्चा का विषय बना हुआ है। राहुल को धीमे खेलने के लिए काफी ट्रोल किया गया है और IPL 2025 में उन्हें अपने आलोचकों को जवाब देना होगा।
यह भी पढ़ें: IPL 2025: टॉप 5 विदेशी खिलाड़ी जिन पर टिकी रहेंगी सभी की नजरें
दिल्ली की टीम इस बार नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेगी और राहुल का प्रदर्शन इसमें अहम भूमिका निभाएगा। अगर वह अपनी बल्लेबाजी में आक्रामकता दिखाते हैं, तो टीम को इसका बड़ा फायदा मिलेगा। फैंस को भी उम्मीद होगी कि राहुल इस बार बिना किसी दबाव के खुलकर खेलें और अपने पुराने रंग में नजर आएं।
3. एमएस धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स – CSK)
आईपीएल का रोमांच तब तक अधूरा रहता है जब तक मैदान पर एमएस धोनी का जलवा ना दिखे। 2024 सीजन के बाद ऐसा माना जा रहा था कि धोनी शायद क्रिकेट को अलविदा कह देंगे, लेकिन वह इस बार भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे। यह फैंस के लिए किसी खुशी से कम नहीं है।
धोनी अब पहले जैसे फिनिशर नहीं रहे, लेकिन उनकी कप्तानी की गिनती अब भी सर्वश्रेष्ठ में होती है। इस बार भी सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या वह चेन्नई को एक और खिताब दिलाने में सफल होंगे? इसके अलावा, यह भी देखना दिलचस्प होगा कि वह खुद बल्ले से कितना योगदान दे पाते हैं। अगर धोनी का बल्ला चला, तो टूर्नामेंट का मजा दोगुना हो जाएगा।
2. रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस – MI)
भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक रोहित शर्मा हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनका फॉर्म उतना शानदार नहीं रहा है। IPL 2024 में उन्होंने 400 से ज्यादा रन बनाए थे, लेकिन इस बार उन्हें अपनी लय वापस पाने के लिए और भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 के लिए LSG के 3 बेस्ट इम्पैक्ट प्लेयर
रोहित के लिए यह सीजन इसलिए भी खास होगा क्योंकि उनका प्रदर्शन आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए उनके चयन पर असर डाल सकता है। मुंबई इंडियंस के लिए वह कितने महत्वपूर्ण हैं, यह सभी जानते हैं। अगर रोहित अच्छी बल्लेबाजी करते हैं, तो उनकी टीम के लिए यह एक बड़ा बोनस होगा। फैंस की नजर इस बात पर भी होगी कि क्या वह इस बार कोई नई रणनीति अपनाते हैं या फिर अपने पुराने अंदाज में ही बल्लेबाजी करते हैं।
1. हार्दिक पांड्या (मुंबई इंडियंस – MI)
इस बार मुंबई इंडियंस फिर से हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मैदान में उतरेगी। पिछले सीजन हार्दिक को कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। हार्दिक खुद भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे, लेकिन उसके बाद से उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार वापसी की।
अब सभी की नजरें इस पर होंगी कि हार्दिक इस बार मुंबई इंडियंस को कहां तक ले जाते हैं। क्या वह अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में लय में नजर आएंगे? क्या इस बार मुंबई की टीम उनके नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन कर पाएगी? ये सभी सवाल इस आईपीएल में हार्दिक के प्रदर्शन के साथ जुड़े होंगे। अगर वह कप्तानी और खेल दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो यह उनके करियर के लिए भी फायदेमंद साबित होगा।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।