CSK की लगातार दूसरी हार के बाद स्टीफन फ्लेमिंग ने माना कि अब टी20 क्रिकेट में बल्लेबाज पूरी तरह हावी हो चुके हैं।
आईपीएल 2026 में एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है और टीम को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई में पंजाब किंग्स के खिलाफ 209 रनों का टोटल डिफेंड न कर पाना CSK के लिए बड़ी चिंता बन गया है।
इस मुकाबले में मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209/5 का मजबूत स्कोर बनाया था। आयुष म्हात्रे के 73 रन और शिवम दुबे के 45 रन की बदौलत टीम ने बड़ा टोटल खड़ा किया, लेकिन इसके बावजूद गेंदबाज इस स्कोर डिफेंड करने में नाकाम रहे।
पंजाब किंग्स ने जवाब में आक्रामक शुरुआत की और 18.4 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया, जो उनका रिकॉर्ड 9वां सफल 200+ रन चेज भी रहा। इस मैच के बाद CSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने खुलकर टीम की रणनीति और टी20 क्रिकेट के बदलते स्वरूप पर बात की।
गेंदबाजी और ऑक्शन रणनीति पर फ्लेमिंग ने दिया बयान
इस मैच में CSK की गेंदबाजी पूरी तरह दबाव में दिखी। गेंदबाजों ने 18.4 ओवरों में ही 210 रन दे दिए और नियमित अंतराल पर विकेट भी नहीं निकाल सके।
फ्लेमिंग ने इस पर कहा, “मैं ऑक्शन प्रोसेस को याद करने की कोशिश कर रहा हूं। जिन गेंदबाजों की आप बात कर रहे हैं, उनके बारे में हम भी सोच रहे थे। हमारे पास एक बड़ी लिस्ट थी, लेकिन हम कुछ खिलाड़ियों को हासिल नहीं कर पाए। उस समय जो खिलाड़ी आउट ऑफ फॉर्म थे, वो अब अच्छा कर रहे हैं। लेकिन यकीन मानिए, हमने हर चीज को ध्यान में रखकर फैसला लिया था।”
मैच के अहम मौके पर नहीं बना दबाव
इस मुकाबले में एक समय ऐसा भी आया जब CSK मैच में वापसी कर सकती थी। 13वें ओवर के आसपास टीम ने दो विकेट निकाले, लेकिन इसके बाद दबाव नहीं बना सकी। इस पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
गायकवाड़ ने कहा, “जब ओवर अच्छा जा रहा था, तभी हमने एक बाउंड्री या छक्का दे दिया। दबाव बन ही नहीं पाया। एक समय रन रेट 11 तक पहुंच गया था। अगर वहां से 1-2 अच्छे ओवर आ जाते तो यह 12-13 तक जा सकता था, और वहीं से मोमेंटम मिलता है।”
स्पिनर्स का खराब दिन पड़ा भारी
इस मुकाबले में CSK ने मिडिल ओवर्स में स्पिन पर भरोसा जताया, लेकिन राहुल चाहर और नूर अहमद दोनों ही महंगे साबित हुए।
गायकवाड़ ने कहा, “स्पिन हमारे लिए बेहतर विकल्प लग रहा था, लेकिन दोनों गेंदबाजों का दिन अच्छा नहीं रहा और यही हमारे लिए महंगा पड़ गया।”
“अब फिनिशर जैसी कोई चीज नहीं रही” – फ्लेमिंग
इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शुरू से ही चेन्नई के गेंदबाजों पर हावी दिखे। ओपनर प्रियांश आर्य ने आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 11 गेंदों पर 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 39 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन ने लगभग 40% फाल्स शॉट्स के बावजूद 34 गेंदों पर 43 रन बनाकर रनआउट हुए। मॉडर्न ओपनर्स के इस अप्रोच पर भी स्टीफन फ्लेमिंग ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
टी20 क्रिकेट के बदलते ट्रेंड पर फ्लेमिंग ने बड़ा बयान देते हुए कहा, “अब फिनिशर जैसी कोई चीज नहीं रह गई है। शुरुआत से ही हर बल्लेबाज तेजी से खेल रहा है। पहले टीमें 16वें ओवर के बाद तेजी लाती थीं, लेकिन अब शुरुआत से ही 10-12 रन प्रति ओवर का खेल हो गया है। हर कोई पहली गेंद से ही आक्रामक खेल रहा है।”
स्टीफन फ्लेमिंग ने इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर भी दिया बड़ा बयान
फ्लेमिंग ने माना कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम ने खेल का बैलेंस बदल दिया है और इससे गेंदबाजों पर ज्यादा दबाव आ गया है।
उन्होंने कहा, “आईपीएल में गेंदबाजी पर काफी दबाव है, खासकर इम्पैक्ट प्लेयर नियम की वजह से। सभी टीमें आक्रामक खेल रही हैं और बल्लेबाजों का स्तर बहुत ऊंचा हो गया है। हमें अपनी गेंदबाजी में और बेहतर होना होगा। यह हमारा पहला असली प्रेशर टेस्ट था और हम उस स्तर तक नहीं पहुंच पाए जहां हमें होना चाहिए था।”
अब CSK के सामने बड़ी चुनौती
आईपीएल 2026 में लगातार दो हार के बाद अब CSK के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी गेंदबाजी को सुधारने की है। जिस तरह से टीम ने 209 रन बनाने के बावजूद मैच गंवाया, वह उनके लिए चेतावनी संकेत है।
फ्लेमिंग ने अंत में कहा कि टीम को आगे बेहतर डिफेंस करना होगा और बदलते टी20 क्रिकेट के हिसाब से खुद को ढालना होगा। अब देखना होगा कि आगे आने वाले मुकाबलों में चेन्नई सुपर किंग्स इस दबाव से कैसे बाहर निकलती है। अब उन्हें अपना अगला मुकाबला 05 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बेंगलुरु में खेलना है, जहां उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की असली परीक्षा होगी।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

