मथीशा पथिराना को NOC मिलने के बाद वह KKR टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं और जल्द मैदान पर नजर आ सकते हैं।
आईपीएल 2026 के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को श्रीलंका क्रिकेट से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल गया है और अब वह जल्द ही टीम से जुड़ने वाले हैं।
बता दें कि, पथिराना चोट और श्रीलंका क्रिकेट से NOC ना मिलने के चलते शुरुआती मुकाबलों में कोलकाता टीम के साथ नहीं जुड़ सके थे, लेकिन अब उनकी वापसी KKR के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, खासकर तब जब टीम लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रही है।
CSK के खिलाफ हो सकती है पथिराना की वापसी
मथीशा पथिराना 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रह सकते हैं। खास बात यह है कि यह मुकाबला चेन्नई में ही खेला जाएगा और पथिराना अपने पुराने फ्रेंचाइजी के खिलाफ उतर सकते हैं।
यह मुकाबला उनके लिए भी खास होने वाला है, क्योंकि पिछले सीजन में वह CSK का अहम हिस्सा थे और अब उसी टीम के खिलाफ खेलते नजर आ सकते हैं।
चोट के कारण आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर थे पथिराना
18 करोड़ रुपये में ऑक्शन में खरीदे गए तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान पिंडली में चोट लगने के चलते आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर थे। हालांकि, अब फिटनेस हासिल करने के बाद उन्हें बोर्ड से क्लियरेंस मिल गया है, जिससे उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया है।
KKR इस समय पॉइंट्स टेबल में नीचे चल रही है और टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पथिराना की वापसी टीम के लिए बड़ा बूस्ट साबित हो सकती है। उनकी स्लिंगी एक्शन और सटीक यॉर्कर डेथ ओवर्स में काफी असरदार मानी जाती है, जो KKR की गेंदबाजी को मजबूती दे सकती है।
चोटों के चलते पहले से ही परेशान है कोलकाता नाइट राइडर्स
KKR पहले ही अपने कुछ तेज गेंदबाजों की कमी झेल रही है। हर्षित राणा और आकाश दीप की गैरमौजूदगी ने टीम को कमजोर किया है।पथिराना के नहीं होने पर टीम ने किसी रिप्लेसमेंट को नहीं चुना था और लगातार उनके फिट होने का इंतजार कर रही थी। अब उनकी वापसी से टीम को राहत मिली है।
मथीशा पथिराना की वापसी KKR के लिए सही समय पर आई है। टीम को डेथ ओवर्स में एक ऐसे गेंदबाज की जरूरत थी जो मैच का रुख बदल सके। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह CSK के खिलाफ मैच में कैसा प्रदर्शन करते हैं और क्या वह अपनी नई टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा पाते हैं।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

