अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी (Lionel Messi) चोटिल होने के चलते पिछले दो महीनों से फुटबॉल जगत से पूरी तरह से दूर हैं। पहले यह खबर आ रही थी कि वह लीग कप 2024 के नॉकआउट मैचों में हिस्सा लेंगे, लेकिन बाद में उन्हें बाहर होना पड़ा था। हालाँकि, अब यह खबर आई है कि, मेसी मेजर लीग सॉकर 2024 (MLS 2024) में अपने क्लब इंटर मियामी के लिए अगला मैच खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

MLS 2024: रविवार को फिलाडेल्फिया के खिलाफ वापसी करेंगे Lionel Messi
मियामी के कोच गेरार्डो मार्टिनो ने शुक्रवार को यह जानकारी दी कि, लियोनेल मेसी टखने की चोट के चलते दो महीने से अधिक समय तक मैदान से बाहर रहने के बाद रविवार को अपने क्लब इंटर मियामी (Inter Miami) के साथ मैदान पर वापसी करेंगे।
मियामी के कोच गेरार्डो मार्टिनो ने शनिवार को ट्रेनिंग से पहले कहा:
हाँ, वह (लियोनेल मेसी) ठीक है। उन्होंने [गुरुवार को] ट्रेनिंग लिया, वह खेल की योजना में है। ट्रेनिंग के बाद हम उनके लिए रणनीति तय करेंगे, लेकिन वह उपलब्ध हैं।

इंटर मियामी इस समय मेजर लीग सॉकर 2024 में 59 प्वॉइंट्स के साथ इस्टर्न कॉन्फ्रेंस के प्वॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है। वह शनिवार को फिलाडेल्फिया यूनियन की मेजबानी करने वाली है, जो प्वॉइंट्स टेबल में 11वें पर है। बता दें कि, मेजर लीग सॉकर एक चर्चित फुटबॉल लीग है। 2023 के बाद से इस लीग में 29 टीमें हिस्सा लेती हैं, जिसमें 26 टीमें यूएसए की और 3 टीमें कनाडा की हैं। इस लीग का पहला सीजन 1996 में खेला गया था।
कोपा अमेरिका 2024 के फाइनल में चोटिल हुए थे लियोनेल मेसी

लियोनेल मेसी 14 जुलाई को कोलंबिया के खिलाफ खेले गए कोपा अमेरिका 2024 के फाइनल मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे, लेकिन उस मुकाबले में उनकी टीम ने खिताबी जीत हासिल की थी। उसके बाद से वह 8 मेजर लीग सॉकर मैचों और अर्जेंटीना के लिए वर्ल्ड कप क्वालीफायर मैचों में हिस्सा नहीं ले सके हैं।
इंटर मियामी के कोच मार्टिनो ने मेसी जैसे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की वापसी पर ख़ुशी जाहिर की। हालाँकि, उनकी टीम ने इस सीजन अबतक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 27 मैचों में से 18 मैचों में जीत और 4 मैचों में हार झेली है, जबकि 5 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
मार्टिनो ने कहा:
हमारी टीम (इंटर मियामी) में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (लियोनेल मेसी) की वापसी से हम सभी बहुत खुश हैं, जो पहले से ही अच्छा प्रदर्शन कर रही थी।

