पुर्तगाल के फुल-बैक जोआओ कैंसेलो (Joao Cancelo) ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से प्रीमियर लीग 2023-24 चैंपियन मैनचेस्टर सिटी का साथ छोड़ दिया। हालाँकि, वह 2022-23 सीजन के बीच में ही लगभग सिटी का साथ छोड़ चुके थे, क्योंकि उन्होंने उस सीजन सिर्फ 6 मैच ही खेला था। खबरों के मुताबिक, खेलने के समय की कमी के कारण वह सीजन के बीच में मैनेजर पेप गार्डियोला से अलग हो गए थे। कैंसेलो ने उस सीजन बाकी बचा हुआ समय लोन पर बायर्न म्यूनिख के साथ बिताया था।

हालाँकि, पिछले सीजन भी सिटी के साथ जोआओ कैंसेलो कॉन्ट्रैक्ट समाप्त नहीं हुआ था, लेकिन वह लोन पर बार्सिलोना के साथ जुड़े और उनके लिए खेलते दिखे। इस सीजन पहले से ही यह उम्मीद जताई जा रही थी, कि क्लब उन्हें किसी दूसरे क्लब के साथ ट्रांसफर कर देगा और मंगलवार को इस पर मुहर भी लग गई।
Saudi Pro League के सबसे सफल क्लब Al Hilal में शामिल हुए Joao Cancelo
पुर्तगाल के फुल-बैक जोआओ कैंसेलो ने प्रीमियर लीग चैंपियन मैनचेस्टर सिटी का साथ छोड़कर सऊदी क्लब अल-हिलाल साथ तीन सालों का डील साइन किया है, दोनों क्लबों ने मंगलवार को इसकी घोषणा भी की। बता दें कि, अल-हिलाल क्लब सऊदी प्रो लीग इतिहास में सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने वाली टीम है। उन्होंने अब तक कुल 19 बार खिताब जीता है और पिछले सीजन भी उन्होंने खिताबी जीत हासिल की थी।

बता दें कि, कैंसेलो साल 2019 में जुवेंटस से मैनचेस्टर सिटी में शामिल हुए थे। वह क्लब में अपने पहले तीन सीज़न में प्रमुख खिलाड़ियों में से एक भी थे। कैंसेलो ने एतिहाद स्टेडियम में तीन प्रीमियर लीग खिताब, एफए कप और लीग कप जीते। उन्होंने 2022-23 में सिटी के पहले विजयी चैंपियंस लीग अभियान में भी छह बार खेला।

गौरतलब हो कि, जोआओ कैंसेलो अल-हिलाल के ट्रांसफर विंडो के पहले हाई-प्रोफाइल साइन हैं और वे जॉर्ज जीसस की टीम में ब्राजील के स्टार नेमार और पूर्व प्रीमियर लीग खिलाड़ियों कालीदो कौलीबाली, रूबेन नेवेस और अलेक्जेंडर मित्रोविच के साथ शामिल हो गए हैं। हालाँकि, पिछले महीने यूरो 2024 क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल की फ्रांस से पेनल्टी शूटआउट में हार के बाद से कैंसेलो ने कोई मैच नहीं खेला है।

