सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए आईपीएल 2026 का सीजन अब तक कुछ खा नहीं जा रहा था। शुरुआती 5 मैचों में सिर्फ 2 में जीत और 3 में हर का सामना करना पड़ा था और लगातार खिलाड़ियों की चोट ने सिरदर्द बढ़ा रखा था।
टीम पहले ही अपने दो डेब्यू करने वाले भारतीय तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत चर्चा में है, और अब उनके गेंदबाजी अटैक को और मजबूती मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है।
पैट कमिंस जल्द कर सकते हैं हैदराबाद टीम में वापसी
दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद टीम के कप्तान और दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक पैट कमिंस की वापसी की उम्मीद जगी है। हालांकि उनकी वापसी को लेकर अभी पूरी तरह से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन टीम और फैंस के लिए यह एक अच्छी खबर जरूर है।
फिटनेस टेस्ट के बाद ही तय होगी कमिंस की वापसी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कमिंस ऑस्ट्रेलिया में फिटनेस टेस्ट देने वाले हैं। अगर वह इस टेस्ट में सफल रहते हैं, तो उनके जल्द ही टीम से जुड़ने की संभावना है। ऐसा माना जा रहा है कि वह 17 अप्रैल तक हैदराबाद पहुंच सकते हैं।
हैदराबाद को अपना अगला मुकाबला 18 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेलना है, ऐसे में उनकी उपलब्धता टीम के लिए काफी अहम हो सकती है।
कमिंस ने पहले ही बताया था आधे सीजन के लिए हैं बाहर
सीजन शुरू होने से पहले ही कमिंस ने बता दिया था कि वह टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से में खेल सकते हैं। उन्होंने कहा था कि वह लगातार अपनी गेंदबाजी पर काम कर रहे हैं और हर तीसरे दिन अभ्यास कर रहे हैं, ताकि टूर्नामेंट के बीच तक पूरी तरह फिट हो सकें।
कमिंस 27 मार्च को भारत पहुंचे थे और टीम के साथ जुड़ गए थे। उन्होंने SRH के पहले मैच से पहले टीम जॉइन की थी, लेकिन इसके बाद वह फिटनेस पर ध्यान देने के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए।
कमिंस की वापसी से बेहतर होगी हैदराबाद की टीम
मीडिया खबरों की मानें, तो अगले 24 घंटों में उनका फिटनेस टेस्ट होगा, जिसके बाद ही उनके खेलने के सस्पेंस से पर्दा उठेगा
अगर कमिंस फिट होकर टीम में लौटते हैं, तो यह सनराइजर्स के लिए अच्छी खबर साबित हो सकती है। उनकी कप्तानी और अनुभव टीम को और मजबूत बनाएगा, जिससे आने वाले मैचों में हैदराबाद और भी खतरनाक नजर आ सकती है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

