Premier League Summer Transfer 2025: 2025 की गर्मियों में प्रीमियर लीग ट्रांसफर विंडो ने फुटबॉल फैंस को एक बार फिर रोमांचित कर दिया। इस बार क्लबों ने अपने स्क्वॉड को मजबूत करने के लिए कई बड़े और होनहार खिलाड़ियों को साइन किया। जहां कुछ क्लबों ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया, वहीं कुछ ने अनुभवी सितारों को टीम में शामिल कर नई दिशा देने की कोशिश की।
ट्रांसफर विंडो 1 जून को खुली थी और शुरुआती 10 दिनों के भीतर ही कई अहम डील्स पूरी कर ली गई थीं। हालांकि, 6 दिनों के ब्रेक के बाद 16 जून से दोबारा विंडो खुली जो अब 1 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान आर्सेनल, चेल्सी, लिवरपूल, मैनचेस्टर यूनाइटेड और टोटनहैम जैसे बड़े क्लबों ने कई महत्वपूर्ण बदलाव किए। नीचे देखिए अब तक सभी क्लबों की कन्फर्म ट्रांसफर और रिलीज की पूरी लिस्ट।
आर्सेनल ने 6 बड़े नामों को किया शामिल
इस बार आर्सेनल ने सबसे बड़ी हलचल मचाई। क्लब ने केपा अर्रीज़ाबलागा को चेल्सी से मात्र 5 मिलियन पाउंड में खरीदा। इसके अलावा मार्टिन जुबिमेंदी (60 मिलियन, रियल सोसिएदाद), नोनी माडुएके (48.5 मिलियन, चेल्सी) और विक्टर ग्योकेरेस (55 मिलियन, स्पोर्टिंग) जैसे नाम भी टीम में जुड़े। दूसरी ओर किएरन टियरनी, जोर्जिन्हो और थॉमस पार्टे जैसे खिलाड़ियों को क्लब से बाहर कर दिया गया।
एस्टन विला और ब्रेंटफोर्ड ने भी किया कई नामी खिलाड़ियों का स्वागत
एस्टन विला ने यासिन ओज़कान (5.9 मिलियन) और अनुभवी गोलकीपर मार्को बिज़ोट को साइन किया, जबकि फिलिप कौटिन्हो और रॉबिन ऑल्सेन को अलविदा कह दिया गया।
ब्रेंटफोर्ड ने लिवरपूल से काओइम्हिन केलेहर (12.5 मिलियन) और फेयेनोर्ड से एंटोनी मिलाम्बो (17 मिलियन) को जोड़ा। हालांकि टीम ने ब्रायन मब्यूमो को मैनचेस्टर यूनाइटेड को 65 मिलियन में बेच दिया।
बर्नले, ब्राइटन और चेल्सी में भी हुआ बड़ा फेरबदल
ब्राइटन ने टॉम वॉटसन, चारालाम्पोस कोस्तूलास और मैक्सिम डी क्यूपर जैसे युवा खिलाड़ियों पर बड़ा दांव खेला, लेकिन साइमन एडिंग्रा और पर्विस एस्टुपिनन जैसे नाम बाहर हुए।
बर्नले ने मार्कस एडवर्ड्स, काइल वॉकर, लूम त्चाओना और बशीर हम्फ्रीज़ जैसे कुल 10 नए नाम जोड़े, वहीं जेम्स ट्रैफर्ड को मैनचेस्टर सिटी ने 27 मिलियन में खरीदा।
चेल्सी का यह समर विंडो हमेशा की तरह व्यस्त रहा। क्लब ने लियाम डेलैप (30 मिलियन, इप्सविच), एस्टेवा (28.7 मिलियन, पामेइरस), जैम गिटेन्स (48.5 मिलियन, डॉर्टमंड) और जोरेल हाटो (35.5 मिलियन, अजाक्स) जैसे टैलेंटेड नामों पर भरोसा जताया। वहीं नॉनी माडुएके, केपा, जोआओ फेलिक्स और डीजोर्दे पेत्रोविक जैसे खिलाड़ियों को अलविदा कहा।
फ्लोरियन विर्ट्स और एकीटीके पर लिवरपूल ने खर्च की बड़ी रकम
लिवरपूल ने इस बार ट्रांसफर मार्केट में आक्रामक रणनीति अपनाई। क्लब ने बायर लीवरकुसेन से फ्लोरियन विर्ट्स को 100 मिलियन पाउंड में और ह्यूगो एकीटीके को 69 मिलियन में आइंट्राख्ट फ्रैंकफर्ट से खरीदा।
इसके अलावा मिलोस केरकेज़ और जेरमी फ्रिंपोंग जैसे डिफेंडर्स भी टीम का हिस्सा बने। हालांकि क्लब ने ट्रेंट अलेक्जेंडर-अर्नोल्ड, लुईस डियाज़, काओइम्हिन केलेहर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी छोड़ा।
मैनचेस्टर यूनाइटेड और मैनचेस्टर सिटी ने भी दिखाई अपनी ताकत
मैनचेस्टर यूनाइटेड ने मथियस कुन्हा (62.5 मिलियन, वॉल्व्स) और ब्रायन मब्यूमो (65 मिलियन, ब्रेंटफोर्ड) को साइन किया।
वहीं सिटी ने रयान चेरकी (34 मिलियन, ल्योन) और तिजानी रेजेंडर्स (46.6 मिलियन, एसी मिलान) जैसे मिडफील्डर्स को शामिल किया, जबकि केविन डी ब्रुइने को फ्री ट्रांसफर पर नापोली भेज दिया गया।
वॉल्व्स, टोटनहैम और न्यूकैसल भी रहे एक्टिव
वॉल्व्स ने डेविड मोलर वोल्फे को 10 मिलियन में साइन किया। वहीं, मथियस कुन्हा को 62.5 मिलियन में यूनाइटेड को बेचा।
टोटनहैम ने मोहम्मद कुडुस (55 मिलियन, वेस्ट हैम) और मैथिस टेल (30 मिलियन, बायर्न) जैसे युवाओं को जोड़ा, जबकि पीयर एमिल होएबयर्ग और सर्जियो रेगुइलन जैसे सीनियर प्लेयर्स को रिलीज कर दिया।
न्यूकैसल ने एंथनी एलांगा (55 मिलियन, नॉटिंघम फॉरेस्ट) और आरोन रैम्सडेल को साउथैम्प्टन से लोन पर लाकर टीम को मजबूती दी।
अन्य क्लबों की अहम डील्स
एवर्टन ने थिएर्नो बैरी (27 मिलियन) और कार्लोस अलकाराज (12.64 मिलियन) को साइन किया, जबकि डोमिनिक कैल्वर्ट-लेविन को रिलीज कर दिया गया।
फुलहम ने सिर्फ एक खिलाड़ी बेंजामिन लेकोंटे को 437 हजार पाउंड में जोड़ा।
लीड्स यूनाइटेड ने कुल 7 खिलाड़ियों को खरीदा, जिनमें सेबास्टियान बॉर्नाउ और शॉन लॉन्गस्टाफ जैसे मिडफील्डर्स भी शामिल हैं।
वेस्ट हैम ने जीन-क्लैर टोडिबो और काइल वॉकर-पीटर्स को लाकर डिफेंस को मजबूती दी।
फुटबॉल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

