हाल में ही चीन के हांगझाऊ में 19वें एशियाई गेम्स का समापन हुआ है। भारत ने इस साल इन खेलों में इतिहास रच दिया। इस साल भारत की झोली में कुल 107 मेडल आए जो कि अब तक के एशियन गेम्स के इतिहास में सबसे ज्यादा मेडल थे। भारत के खेल के हर क्षेत्र में अपने आप को साबित कर एशियन गेम्स में चौथा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान भारत ने बैडमिंटन के कुछ गेम्स में भी भारत की झोली में मेडल आए। भारत का स्टार खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीररेड्डी की जोड़ी ने गोल्ड मेडल हासिल किया था। इन सब के बाद अब एक बार फिर से भारत की इस स्टार जोड़ी ने इतिहास रच दिया है।
जी हां, चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी अब बैडमिंटन में दुनिया की नंबर-1 जोड़ी बन गई है। ये इन दोनों के लिए देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले जुलाई महीने में इन दोनों की जोड़ी दुनिया की नंबर-2 की थी। लेकिन अब इन दोनों को एशियाई खेल 2023 में बेहतरीन प्रदर्शन का फल मिला है और नंबर-1 की पोजिशन मिल चुकी है। हिंदुस्तान की इस जोड़ी के वर्तमान में 92,411 अंक हो चुके हैं। इन दोनों ने सिर्फ एशियन गेम्स में ही नहीं बल्कि पिछले 1 साल से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। ये ही कारण है कि अब दोनों दुनिया के सबसे बेहतर बैडमिंटन खिलाड़ी बन चुके हैं।
एशियन गेम्स के अलावा इस साल के अप्रैल महीने में भी चिराग और सात्विक ने दुबई में हुई एशियाई चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद ये दोनों बीडब्ल्यूएफ सुपर 1000 टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय भी बने थें। इन दोनों के अलावा अगर अन्य भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग देखी जाए तो पीवी सिंधू को भी 2 स्थान का फायदा हुआ है। हांलाकि एशियन गेम्स 2023 के दौरान भारत की इस महिला खिलाड़ी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। लेकिन दो स्थान का फायदा होकर अब 13वें स्थान पर पहुंच गई हैं।