रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आईपीएल की उन टीमों में से एक है, जिनकी फैन फॉलोइंग सबसे ज्यादा है। हालांकि, अब तक यह टीम एक भी खिताब नहीं जीत पाई है, लेकिन फैंस ने हमेशा इस फ्रेंचाइजी का साथ दिया है।
आईपीएल 2025 के लिए सभी टीमों ने अपनी स्क्वॉड में बड़े बदलाव किए हैं और RCB ने भी अपनी टीम को मजबूत करने की पूरी कोशिश की। हालांकि, 2024 सीजन में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले कुछ खिलाड़ियों को RCB ने रिलीज कर दिया, जो इस सीजन टीम को काफी खल सकते हैं।
आइए जानते हैं उन तीन खिलाड़ियों के बारे में, जिन्हें RCB ने रिलीज किया और जिनकी कमी टीम को आईपीएल 2025 में जरूर महसूस होगी।
IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को इन 3 स्टार खिलाड़ियों की खलेगी कमी
3. विल जैक्स
इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स RCB के लिए आईपीएल 2024 में बेहद अहम खिलाड़ी रहे थे। उन्होंने 8 मैचों में 32.86 की औसत और 175.57 के स्ट्राइक रेट से 230 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। हालांकि, आईपीएल 2025 में वह मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते नजर आएंगे।
RCB ने जैक्स की गेंदबाजी का ज्यादा इस्तेमाल नहीं किया था, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को कई मैच जिताए थे। खासकर, टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में जैक्स ने टॉप ऑर्डर में आकर गेम-चेंजिंग पारियां खेली थीं, जिसने RCB को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखा था।
आईपीएल 2025 में RCB को जैक्स जैसे विस्फोटक बल्लेबाज की कमी खल सकती है, जो किसी भी समय स्कोरिंग रेट को तेज कर सकते थे।
2. फाफ डु प्लेसी
दक्षिण अफ्रीकी स्टार फाफ डु प्लेसी ने पिछले सीजन RCB की कप्तानी की थी, लेकिन टीम ने उन्हें आईपीएल 2025 से पहले रिलीज कर दिया। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें मेगा ऑक्शन में खरीदा।
फाफ ने 2022 से 2024 तक RCB के लिए 45 मैचों में 38.05 की औसत और 146.99 के स्ट्राइक रेट से 1,636 रन बनाए। पिछले तीन सीजन में विराट कोहली और फाफ डु प्लेसी की ओपनिंग जोड़ी ने RCB को कई बार शानदार शुरुआत दिलाई थी।
अब आईपीएल 2025 में RCB को कोहली के साथ एक नए ओपनिंग पार्टनर की तलाश करनी होगी। स्क्वॉड में इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट को यह भूमिका मिल सकती है, लेकिन उनकी कंसिस्टेंसी एक चिंता का विषय है। ऐसे में फाफ की स्थिरता और अनुभव की कमी RCB को जरूर खलेगी।
1. ग्लेन मैक्सवेल
ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल 2021 से 2024 तक RCB का अहम हिस्सा रहे थे। हालांकि, खराब फॉर्म के चलते फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया और पंजाब किंग्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया।
आईपीएल 2024 में मैक्सवेल का प्रदर्शन खराब रहा था, लेकिन 2021 और 2022 सीजन में उन्होंने RCB के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। मैक्सवेल ने मिडिल ओवर्स में तेज रन बनाने के अलावा गेंद से भी अहम ब्रेकथ्रू दिलाए थे।
आईपीएल 2025 में RCB को मैक्सवेल जैसे मिडिल ओवर के एक्सीलेरेटर और पार्टनरशिप ब्रेकर की कमी जरूर खलेगी। उनकी जगह लेने के लिए RCB के पास कोई मजबूत विकल्प नहीं है, जो बैट और बॉल दोनों से मैच को पलट सके।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।