Fastest To Score 1000 Runs in IPL History: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी क्रिकेट लीगों में से एक मानी जाती है। इस मंच पर रन बनाना आसान नहीं होता, खासकर तब जब हर गेंदबाज़ की रणनीति तेज़ और सटीक होती है। लेकिन कुछ बल्लेबाज़ ऐसे भी रहे जिन्होंने कम समय में तेज़ी से रन बनाकर खुद को इस मंच पर साबित किया।
यहां हम बात कर रहे हैं उन 5 खिलाड़ियों की जिन्होंने सबसे कम पारियों में आईपीएल में 1000 रन पूरे किए। यह आंकड़ा न सिर्फ उनकी काबिलियत को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि वह बड़े मंच पर दबाव में भी खुद को साबित कर सकते हैं।
ये हैं IPL इतिहास में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले टॉप 5 बल्लेबाज़
5. साई सुदर्शन – 25 पारियां
गुजरात टाइटंस की ओर से खेलने वाले युवा बल्लेबाज़ साई सुदर्शन ने 2022 में आईपीएल डेब्यू किया था। अपनी तकनीक, समझदारी और स्ट्राइक रोटेट करने की काबिलियत के दम पर उन्होंने महज 25 पारियों में 1000 रन पूरे कर डाले।
अब तक साई सुदर्शन ने 29 पारियों में 1225 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 47.11 रहा है। खास बात यह रही कि उन्होंने यह रन 140.80 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। उनके बल्ले से 8 अर्धशतक और 1 शतक भी निकला है, जो उनकी निरंतरता और क्लास को दर्शाता है।
गुजरात टाइटंस के लिए साई सुदर्शन भविष्य का एक सितारा बनकर उभर चुके हैं और उनकी यह उपलब्धि उन्हें इस सूची में शामिल करती है।
4. मैथ्यू हेडन – 25 पारियां
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ओपनर मैथ्यू हेडन ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ 32 मैच खेले, लेकिन इतने कम मैचों में भी उन्होंने बड़ा असर छोड़ा। उन्होंने अपने करियर की 25वीं पारी में 1000 रन पूरे कर लिए थे।
आईपीएल 2008 में जहां हेडन ने केवल 4 पारियों में 189 रन बनाए थे, वहीं 2009 में उन्होंने 572 रन बनाए और ‘ऑरेंज कैप’ अपने नाम की। 2010 में भी उन्होंने 16 पारियों में 346 रन बनाए और CSK की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
3. डेवोन कॉन्वे – 24 पारियां
न्यूज़ीलैंड के बाएं हाथ के ओपनर डेवोन कॉन्वे ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 2022 में डेब्यू किया। शुरुआत से ही कॉन्वे ने तेज़ी से रन बटोरे और केवल 24 पारियों में 1000 रन पूरे कर लिए।
उन्होंने जब यह उपलब्धि हासिल की तब उनका औसत 47.90 और स्ट्राइक रेट 140.30 था। अब तक कॉन्वे के नाम आईपीएल में 1006 रन और 10 अर्धशतक दर्ज हैं।
2. लेंडल सिमंस – 23 पारियां
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज़ लेंडल सिमंस ने मुंबई इंडियंस के लिए 2014 से 2017 तक खेला और टीम को दो बार खिताब जिताने में मदद की। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 29 पारियों में 1079 रन बनाए।
लेकिन दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ 23 पारियों में ही 1000 रन पूरे कर लिए थे। यह उपलब्धि उन्होंने आईपीएल 2017 में हासिल की।
सिमंस ने मुंबई इंडियंस की 2015 की खिताबी जीत में 13 पारियों में 540 रन बनाए थे, और उनका औसत उस सीजन में 45 रहा था। वह पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाज़ी के लिए जाने जाते थे और विपक्षी गेंदबाज़ों को शुरुआत से दबाव में डालते थे।
1. शॉन मार्श – 21 पारियां
आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज़ 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं ऑस्ट्रेलिया के शॉन मार्श। उन्होंने महज 21 पारियों में यह आंकड़ा छू लिया था।
आईपीएल 2008 में जब मार्श ने पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) के लिए खेलना शुरू किया, तो उन्होंने पहले ही सीजन में 11 पारियों में 616 रन बना दिए और ऑरेंज कैप अपने नाम की।
इसके बाद उन्होंने 2011 में एक और शानदार सीजन खेला, जिसमें उन्होंने 500 से ज़्यादा रन बनाए और 1000 रन पूरे किए।
शॉन मार्श ने अपने पूरे आईपीएल करियर में केवल पंजाब के लिए खेला और 2008 से 2017 तक अपनी बल्लेबाज़ी से कई यादगार लम्हे दिए।
(नोट: इस आर्टिकल में दिए गए सभी आँकड़े 08 अप्रैल 2025 तक अपडेटेड है।)
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।