Top 5 Youngest Batsmen to Score a Century in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शतक जमाना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। खासतौर पर जब युवा खिलाड़ी कम उम्र में यह कारनामा करते हैं तो उनकी प्रतिभा और संभावनाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है। हाल ही में राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक जड़कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली।
आइए जानते हैं उन टॉप 5 युवा बल्लेबाजों के बारे में जिन्होंने सबसे कम उम्र में आईपीएल में शतक जड़ा है।
ये हैं IPL में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले टॉप 5 युवा बल्लेबाज
5. यशस्वी जायसवाल – 21 साल 123 दिन
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह आईपीएल में अब तक दो शतक लगा चुके हैं। उन्होंने 30 अप्रैल 2023 को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 124 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी, जो उनका पहला आईपीएल शतक था। इस पारी के समय उनकी उम्र 21 साल और 123 दिन थी। जायसवाल ने उस मैच में 62 गेंदों पर 16 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी।
4. देवदत्त पडिक्कल – 20 साल 289 दिन
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के स्टाइलिश बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने 22 अप्रैल 2021 को वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 101* रनों की नाबाद पारी खेली थी। उस समय उनकी उम्र 20 साल और 289 दिन थी। पडिक्कल ने 52 गेंदों पर 11 चौकों और 6 छक्कों की मदद से अपनी पारी को सजाया और 194.23 के स्ट्राइक रेट से विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। उस मैच में उनकी टीम को जीत हासिल हुई थी।
3. ऋषभ पंत – 20 साल 218 दिन
IPL 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने 10 मई 2018 को दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) की ओर से खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली में नाबाद 128 रन बनाए थे। उस समय उनकी उम्र 20 साल और 218 दिन थी। पंत ने सिर्फ 63 गेंदों पर 15 चौकों और 7 छक्कों के सहारे अपनी पारी को सजाया और 203.17 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। हालांकि, उस मैच में उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
2. मनीष पांडे – 19 साल 253 दिन
मनीष पांडे ने 21 मई 2009 को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ सेंचुरियन में नाबाद 114* रनों की पारी खेली थी। उस समय उनकी उम्र 19 साल और 253 दिन थी। उस मुकाबले में उन्होंने 73 गेंदों पर 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से ये रन बनाए थे। उस शतक के साथ वह आईपीएल में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए थे।
1. वैभव सूर्यवंशी – 14 साल 32 दिन
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रचते हुए महज 14 साल और 32 दिन की उम्र में आईपीएल शतक जड़ा। उन्होंने इस मैच में 35 गेंदों पर शतक जड़ा और IPL में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय बन गए। इतना ही नहीं, वह आईपीएल इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी बने।
सूर्यवंशी ने 28 अप्रैल 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ जयपुर में यह शानदार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों पर 7 चौकों और 11 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए। इतनी कम उम्र में शतक लगाकर उन्होंने भविष्य के बड़े सितारे के तौर पर अपनी पहचान बना ली है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।